अब जम्मू में ही होंगे अमरनाथ गुफा के दर्शन, तवी की महाआरती के बाद रोज गूंजेगी अमर कथा

जम्मू के तवी रिवर फ्रंट पर अमरनाथ यात्रा के श्रद्धालुओं के लिए एक भव्य लेजर शो शुरू किया गया है। यह 15 मिनट का शो रोजाना तवी आरती के बाद होगा, जिसमें बाबा अमरनाथ की अमर कथा जीवंत होगी।

जम्मू/एजेंसी। जम्मू-कश्मीर की पावन भूमि पर बाबा बर्फानी के दर्शनों के लिए उमड़े श्रद्धालुओं और स्थानीय वासियों के लिए तवी रिवर फ्रंट आकर्षण का नया केंद्र बन गया है। सूर्य पुत्री तवी नदी के तट पर आयोजित भव्य और आध्यात्मिक लेजर शो ने पूरे वातावरण को शिवभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया। यह लेजर शो न केवल जम्मू के पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की क्षमता रखता है, बल्कि अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले भक्तों में नई ऊर्जा और आध्यात्मिक चेतना का संचार भी कर रहा है। तवी आरती के पश्चात अब प्रतिदिन यह लेजर शो आयोजित किया जा रहा है।
वीरवार को आयोजित इस शो के दौरान तवी रिवर फ्रंट पर पंजीकरण करवाने पहुंचे श्रद्धालु जहां आनंदित दिखाई दिए, वहीं तवी नदी पुल से भी बड़ी संख्या में लोगों ने रंग-बिरंगी रोशनी का आनंद लिया। उल्लेखनीय है कि विगत दिवस उपराज्यपाल मनोज सिन्हा द्वारा तवी रिवर फ्रंट पर बोटिंग सुविधा और लेजर शो का शुभारंभ किया गया था। यह शो अमरनाथ यात्रा अवधि के दौरान प्रतिदिन संचालित होगा। इस विशेष आयोजन के तहत तवी रिवर फ्रंट पर बाबा अमरनाथ की पवित्र गुफा की भव्य प्रतिकृति तैयार की गई है। सांझ ढलते ही अत्याधुनिक लेजर लाइटों की सतरंगी किरणों से यह कृत्रिम गुफा जीवंत हो उठती है। प्रकाश और दृश्य प्रभावों के अद्भुत संयोजन ने दर्शकों को साक्षात श्री अमरनाथ धाम के दर्शन का अनुभव कराया।
लगभग 15 मिनट के इस लेजर शो के दौरान बैकग्राउंड में भगवान शिव द्वारा माता पार्वती को सुनाई गई अमरत्व की पौराणिक कथा का प्रसारण किया जाता है। मंत्रमुग्ध कर देने वाले संगीत और गंभीर वाणी में प्रस्तुत इस कथा ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। श्रद्धालुओं के उत्साह को देखते हुए इस शो को दो से तीन बार दोहराया गया, ताकि सभी लोग इस दिव्य अनुभव का आनंद ले सकें।
श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने इस कार्यक्रम का समय निर्धारित किया है। तवी नदी की महाआरती प्रतिदिन शाम 7 बजे आयोजित की जाती है, जिसके पश्चात लेजर शो प्रस्तुत किया जाता है। तवी रिवर फ्रंट पर बोटिंग सुविधा पहले ही शुरू की जा चुकी है।
जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड के सीईओ डॉ. देवांश यादव ने कहा कि तवी रिवर फ्रंट को वैश्विक पहचान दिलाने और यात्रियों के जम्मू प्रवास को यादगार बनाने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। उन्होंने श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से अपील की कि वे प्रतिदिन आयोजित होने वाली तवी नदी की महाआरती में शामिल हों और इसके बाद होने वाले भव्य लेजर शो का आनंद लेकर इस दिव्य अनुभव के सहभागी बनें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button