उत्तर-पूर्वी दिल्ली में दो शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, चार चोरी के दोपहिया वाहन बरामद

उत्तर-पूर्वी दिल्ली। उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (एएटीएस) टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो सक्रिय वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चार चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं, जिससे मोटर वाहन चोरी के चार मामलों का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार 22 जून 2026 को मिली गुप्त सूचना के आधार पर एएटीएस टीम ने घोंडा स्थित गवर्नमेंट बॉयज सीनियर सेकेंडरी स्कूल के पास जाल बिछाया। इस दौरान एक टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोककर पूछताछ की गई। जब उनसे वाहन के कागजात मांगे गए तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करने लगे।
गहन जांच में मोटरसाइकिल चोरी की पाई गई, जो थाना भजनपुरा में दर्ज ई-एफआईआर संख्या 013682/26 से संबंधित थी। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कैफ (19), निवासी गली नंबर 7, नॉर्थ घोंडा और साद (21), निवासी गुरुद्वारा गली, मौजपुर के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अन्य वाहन चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से तीन और चोरी के स्कूटर बरामद किए। ये वाहन थाना जाफराबाद, न्यू उस्मानपुर और नंद नगरी में दर्ज मामलों से जुड़े पाए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी और चार वाहनों की बरामदगी के साथ कुल चार मोटर वाहन चोरी के मामलों का सफलतापूर्वक खुलासा किया गया है। इस संबंध में थाना भजनपुरा में धारा 35.1(ई)/106 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी अन्य किन-किन वारदातों में शामिल रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button