खीर भवानी मेले की तैयारियों का जायजा लेने मंदिर पहुंचे जम्मू कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला ने की पूजा
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला गुरुवार को खीर भवानी मंदिर पहुंचे। उन्होंने हाथों में पूजा की थाली लेकर मां के दर्शन किए। आगामी मेले से पहले उन्होंने तैयारियों का भी जायजा लिया।

गंदेरबल/जम्मू&कश्मीर। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गंदेरबल स्थित खीर भवानी गंगा मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और आगामी खीर भवानी मेले की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि 22 जून को आयोजित होने वाले इस पवित्र मेले में देश-दुनिया से बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन और आशीर्वाद लेने पहुंचेंगे।
मुख्यमंत्री ने स्थानीय विधायक होने के नाते व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली और यह जानने का प्रयास किया कि कौन-कौन से कार्य अभी शेष हैं। उन्होंने मंदिर के पुजारियों से बातचीत कर उनकी आवश्यकताओं को समझा और भरोसा दिलाया कि 22 जून से पहले जरूरी व्यवस्थाएं पूरी करने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है और सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। इस अवसर पर मंदिर के पुजारियों और न्यास के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को माता की चुनरी और प्रसाद भेंट किया। मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।
मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि खीर भवानी मेला एक पवित्र अवसर है, जिसमें दुनिया भर से श्रद्धालु यहां आते हैं। उन्होंने कहा कि पुजारियों से बातचीत के दौरान कुछ आवश्यकताओं की जानकारी मिली है, जिन्हें 22 जून से पहले पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और प्रशासन इस दिशा में लगातार कार्य कर रहा है।




