कोरिया जिले में रेत विवाद को लेकर भाजपा नेता की जिंदा जलाकर हत्या, कई घायल, इलाके में तनाव
छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में रेत खनन विवाद को लेकर हुए हमले में एक व्यक्ति की जलकर मौत हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है और आगे की जांच जारी है।

कोरिया/छत्तीसगढ़। कोरिया जिले के सोनहत क्षेत्र में रेत के अवैध कारोबार को लेकर हुई रंजिश ने मंगलवार देर रात खूनी रूप ले लिया। करीब 30 लोगों की भीड़ ने भाजपा नेता और सोनहत जनपद के पूर्व उपाध्यक्ष भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह पर जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें उनकी जिंदा जलकर मौत हो गई।
बताया गया कि हमलावरों ने टिपर से फॉर्च्यूनर वाहन को कई बार टक्कर मारकर उसे रोक दिया और फिर उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आग की चपेट में आने से वाहन में सवार लल्ला सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके तीन समर्थक गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को पहले बैकुंठपुर जिला अस्पताल, फिर अंबिकापुर होते हुए रायपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच रेत के कारोबार को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना से पहले भी दिन में दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी, जिसके बाद रात में तनाव और बढ़ गया। इसी दौरान लल्ला सिंह अपने समर्थकों के साथ दूसरे पक्ष के घर पहुंचे थे, जहां विवाद हिंसक हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है। फोरेंसिक टीम भी घटना की जांच में जुटी है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मृतक भरत सिंह गहरवार क्षेत्र के प्रभावशाली व्यक्ति थे और लंबे समय से ठेकेदारी व क्रशर व्यवसाय से जुड़े थे। हाल ही में उनके परिवार को रेत का ठेका मिलने के बाद विवाद और बढ़ गया था।




