ठाणे में सड़क पर थूकने से रोकने पर बुज़ुर्ग की पिटाई, आरोपी कैब चालक गिरफ्तार
महाराष्ट्र के ठाने में एक 70 साल के बुजुर्ग की पिटाई करने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

ठाणे/महाराष्ट्र। महाराष्ट्र के ठाणे शहर में सड़क पर थूकने से रोकना एक 70 वर्षीय बुज़ुर्ग को भारी पड़ गया, जब एक कैब चालक ने विरोध करने पर उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया और पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार, यह घटना मंगलवार शाम करीब सात बजे जुपिटर हॉस्पिटल के पास हुई। पुलिस के मुताबिक, बुज़ुर्ग ने आरोपी को कार के बाहर सड़क पर थूकते देखा और उसे ऐसा करने से मना किया। इस पर आरोपी भड़क गया और उसने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए बुज़ुर्ग के साथ मारपीट शुरू कर दी।
एफआईआर के अनुसार, आरोपी ने बुज़ुर्ग को मुक्का मारा, जिससे वह लड़खड़ा गए। आरोप है कि उसने पास में पड़ा पत्थर उठाकर उनके सिर पर हमला करने की कोशिश भी की, हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने उसे रोक लिया। घटना के दौरान बुज़ुर्ग की पत्नी और अन्य परिजन भी वहीं मौजूद थे। मारपीट के बाद बुज़ुर्ग सड़क पर गिर पड़े। पूरी घटना का वीडियो एक राहगीर ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठने लगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री और डिप्टी मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने आरोपी निशांत शुक्ला को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए सार्वजनिक स्थानों पर नियमों का पालन सुनिश्चित करने और हिंसा करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।




