महाराष्ट्र के पालघर में दो बहनों को विदेश भेजने का झांसा देकर किया लव जिहाद, जांच के लिए एसआईटी गठित

महाराष्ट्र के पालघर में दो बहनों को लव जिहाद के जाल में फंसाकर विदेश भेजने का लालच दिया गया, जिसके विरोध में डहाणू में बंद रहा। मुख्यमंत्री फडणवीस के निर्देश पर पुलिस ने एसआईटी गठित कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पालघर/महाराष्ट्र। महाराष्ट्र के पालघर जिले में दो सगी बहनों को कथित तौर पर लव जिहाद के जाल में फंसाकर विदेश भेजने का लालच दिया गया। इस घटना के विरोध में ‘सकल हिंदू समाज’ के आह्वान पर बुधवार को डहाणू शहर पूरी तरह बंद रहा। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के निर्देश पर पुलिस ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन कर दिया है। मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार ठाणे से सटे पालघर जिले के डहाणू शहर में दो सगी बहनों को एक विशेष समुदाय के युवक ने बहला-फुसलाकर उनके साथ दुष्कर्म किया और फिर उनकी अंतरंग तस्वीरें खींचकर उन्हें ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
आरोपित दोनों लड़कियों को सुनहरे भविष्य का सपना दिखाकर उन्हें विदेश भेजने का झांसा भी दे रहा था। इस बात की जानकारी जब लड़कियों ने अपने परिवार को दी, तो उनके परिजनों ने पूरी घटना की जानकारी विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के स्थानीय पदाधिकारियों को दी। लव जिहाद और मानव तस्करी के इस संदिग्ध मामले की भनक लगते ही हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश फैल गया।
हिंदू संगठनों के सहयोग से ही डहाणू पुलिस थाने में एक जून को एक एफआईआर दर्ज की गई है। चूंकि दोनों लड़कियों में से एक नाबालिग है, इसलिए आरोपित पर पाक्सो एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। इस साजिश के खिलाफ हिंदू संगठनों ने बुधवार को पालघर के डहाणू शहर में बंद का आह्वान किया था। बंद को स्थानीय व्यापारियों और आम जनता का व्यापक समर्थन मिला। सुबह से ही बाजार, दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद रहे। डहाणू शहर में बंद का पूरा असर दिखाई दिया। सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।
किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए जगह-जगह भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। इस बीच, भाजपा की वरिष्ठ महिला नेता चित्रा वाघ ने इस गंभीर संवेदनशील मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने तुरंत पीड़ित बहनों से संपर्क साधा और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को दी। चित्रा वाघ ने मुख्यमंत्री को बताया कि कैसे सीधे-साधे परिवारों की लड़कियों को निशाना बनाकर विदेशों में बेचने या धर्म परिवर्तन कराने की साजिशें रची जा रही हैं। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए तत्काल पुलिस महानिदेशक को जांच के कड़े निर्देश जारी किए। मुख्यमंत्री के आदेश के बाद पालघर पुलिस विभाग हरकत में आया और मामले की गहराई से पड़ताल के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन कर दिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित को दबोच लिया है। पुलिस ने अभी आरोपित की पहचान उजागर नहीं की है।
अधिकारियों का कहना है कि आरोपित से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस रैकेट के पीछे कौन-कौन से लोग शामिल हैं और क्या लड़कियों को विदेश भेजने के नाम पर मानव तस्करी के किसी अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से संबंध हैं। पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से गहन जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button