वेलकम थाना पुलिस की बड़ी सफलता, हत्या कांड का किया खुलासा; दो आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद

उत्तर-पूर्वी दिल्ली। उत्तर-पूर्वी जिला के वेलकम थाना पुलिस ने फायरिंग कर हत्या के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, दो मैगजीन, सात जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त स्कूटी एक्सेस-125 बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार 19-20 मई 2026 की दरमियानी रात वेलकम थाना क्षेत्र में फायरिंग की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर श्याम लाल कॉलेज के पास पहुंची तो पता चला कि घायल अमानुल्लाह कुरैशी (22), निवासी मौजपुर को परिजन जीटीबी अस्पताल ले गए हैं, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने जांच कर साक्ष्य एकत्र किए। इस संबंध में थाना वेलकम में एफआईआर संख्या 233/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक, फैजान उर्फ फज्जी हत्या कांड के आरोपी मोइन कुरैशी का भाई था, जो वर्तमान में न्यायिक हिरासत में है।
मामले की जांच के दौरान एसीपी भजनपुरा सहदेव कुमार राणा के पर्यवेक्षण और डीसीपी उत्तर-पूर्व जिला राहुल अलवाल, आईपीएस के मार्गदर्शन में एसएचओ इंस्पेक्टर रूपेश कुमार खत्री के नेतृत्व में गठित टीम ने विभिन्न स्रोतों से सुराग जुटाए। इसके आधार पर दो आरोपियों सैफी उर्फ अब्दुल (27) और अमीर आलम (22), निवासी मथुरा, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी दी है। पुलिस को मामले में अन्य आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिनकी तलाश जारी है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की संभावना है।




