नोएडा के बाजारों में दीपावली पर फूल-मालाओं की मांग बढ़ी, ₹30 वाली फूल-माला के 120 तक वसूल रहे दुकानदार; ग्राहक परेशा

दीपावली के त्योहार पर नोएडा के बाजारों में फूल-मालाओं की मांग बढ़ने से उनके दामों में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है।

नोएडा। दीपावली के त्योहार पर घरों और प्रतिष्ठानों को सजाने के लिए फूल-मालाओं की मांग बढ़ने के साथ ही बाजारों में रौनक दिखाई देने लगी है। छोटी दीपावली पर गेंदे के फूलों और अशोक के पत्तों की मालाओं की जमकर खरीदारी हो रही है। हालांकि, शहर के अलग-अलग सेक्टरों में एक जैसी माला की कीमतों में काफी अंतर देखने को मिल रहा है। कहीं 30 रुपये में मिलने वाली माला के लिए दूसरी दुकानों पर 100 से 120 रुपये तक मांगे जा रहे हैं।

सेक्टर-18, अट्टा मार्केट, सेक्टर-27, सेक्टर-12 और सेक्टर-62 सहित प्रमुख बाजारों में सुबह से ही फूलों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ जुटने लगी। छोटी गेंदे की माला कुछ दुकानों पर 30 से 40 रुपये में उपलब्ध है, जबकि अन्य दुकानों पर इसी आकार की माला के लिए 70 से 100 रुपये तक कीमत बताई जा रही है। वहीं, लंबी और घनी फूल-मालाओं के दाम 100 से 120 रुपये तक पहुंच गए हैं।

अशोक के पत्तों की मालाओं की कीमतों में भी इसी तरह का अंतर है। बाजार में ये मालाएं कहीं 30 से 50 रुपये में मिल रही हैं, तो कहीं इनके लिए 100 से 120 रुपये तक वसूले जा रहे हैं। ग्राहकों का कहना है कि एक ही तरह के सामान के अलग-अलग दाम होने से खरीदारी में परेशानी हो रही है। त्योहार के चलते लोगों के पास खरीदारी के सीमित विकल्प हैं और दुकानदार अपनी सुविधा के अनुसार कीमतें तय कर रहे हैं।

सेक्टर-18 के फूल विक्रेता अमित कुमार का कहना है कि दीपावली के दौरान गेंदे के फूलों और अशोक के पत्तों की मांग सामान्य दिनों के मुकाबले कई गुना बढ़ जाती है। मंडी से महंगे दाम पर फूल मिलने और परिवहन खर्च बढ़ने के कारण मालाओं की कीमतों में अंतर आ रहा है। वहीं, सेक्टर-27 के दुकानदार पूर्ण सिंह के अनुसार, माला की कीमत उसके आकार, फूलों की गुणवत्ता और पत्तों की सजावट के आधार पर तय होती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button