अलीगढ़ में सफाई कर्मचारियों को कथित एक्सपायरी मिठाई बांटने पर हंगामा, कंपनियों के खिलाफ धरना
अलीगढ़ में सफाई कर्मचारियों ने नगर निगम से जुड़ी कंपनियों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दीपावली पर कथित एक्सपायरी मिठाई बांटने का प्रकरण उजागर किया। मिठाई के डिब्बे कूड़ा ढोने वाली गाड़ियों में लाकर वितरित किए गए थे।

अलीगढ़,उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में सफाई कर्मचारियों को दीपावली पर कथित तौर पर एक्सपायरी मिठाई बांटे जाने का मामला सामने आया है। कर्मचारियों ने नगर निगम की कूड़ा उठाने वाली व्यवस्था से जुड़ी कंपनियों अर्बन एनवाइरोटेक और ए टू जेड पर गंभीर आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया और धरने पर बैठ गए। कर्मचारियों का दावा है कि उन्हें बीकानेरी ब्रांड की ऐसी मिठाई दी गई, जिसकी अवधि समाप्त हो चुकी थी। मिठाई के डिब्बे कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों में लाकर बांटे जाने का भी आरोप लगाया गया है।
प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों का कहना है कि वे शहर को स्वच्छ रखने के लिए रोजाना सुबह चार से पांच बजे के बीच उठकर काम पर लग जाते हैं। त्योहार के अवसर पर उन्हें कथित रूप से खराब और एक्सपायरी मिठाई देना उनके स्वास्थ्य, सम्मान और मेहनत की अनदेखी है। कर्मचारियों ने आशंका जताई कि इस तरह की मिठाई उनके परिवारों की सेहत के लिए भी नुकसानदेह हो सकती है।
कर्मचारियों का विरोध केवल मिठाई वितरण तक सीमित नहीं है। उन्होंने ठेकेदार कंपनियों पर समय से पूरा वेतन नहीं देने और कम भुगतान करने का आरोप भी लगाया। इसके अलावा त्योहारों पर छुट्टी और बोनस नहीं मिलने को लेकर भी नाराजगी जताई।
सफाईकर्मी करन करोती ने जिला प्रशासन और नगर निगम से मामले में तत्काल जवाबदेही तय करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बीकानेरी ब्रांड की मिठाई की गुणवत्ता, बैच नंबर और एक्सपायरी की जांच कराई जानी चाहिए। साथ ही अर्बन एनवाइरोटेक, ए टू जेड, मिठाई निर्माता, सप्लायर और दुकानदार की भूमिका की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
कर्मचारियों ने खाद्य सुरक्षा विभाग से मिठाई के नमूने लेकर उनकी जांच कराने तथा जीएसटी रिकॉर्ड और सप्लाई चेन की पड़ताल करने की मांग की है। उन्होंने नगर आयुक्त और जिला प्रशासन से आरोपों की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की अपील की है।




