डेरा सच्चा सौदा चीफ गुरमीत राम रहीम को फिर मिली पैरोल, रोहतक जेल से आया बाहर
हरियाणा के विवादित बाबा गुरमीत राम रहीम को एक बार फिर पैरोल मिली है। पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश पर रेप केस में दोषी बाबा को पैरोल पर छोड़ा गया है। राम रहीम की पैरोल पर पहले कई बार विवाद हो चुका है। राम रहीम अब पैरोल खत्म होने के बाद 24 जून को वापस जेल में लौटेगा।

चंडीगढ़/एजेंसी। हरियाणा सरकार ने मंगलवार को विवादित डेरा सच्चा सौदा चीफ और रेप केस में दोषी गुरमीत राम रहीम सिंह को 30 दिन की पैरोल पर रिहा कर दिया। वह 24 जून को जेल बैरक में वापस लौटेंगे। यह दूसरी बार है जब इस विवादित उपदेशक को राज्य सरकार ने इस साल पैरोल पर रिहा किया है। इससे पहले इस साल जनवरी में उन्हें राज्य सरकार ने 40 दिन की पैरोल दी थी। गुरुमीत राम रहीम को रोहतक की सुनारिया जेल सुबह 6:30 बजे सिरसा के लिए रवाना किया गया। सिरसा में ही डेरा चीफ का मुख्य आश्रम है।
गुरमीत राम रहीम को 2020 से 16वीं बार पैरोल मिली है। गुरुमीत राम रहीम के पैरोल मिलने के बाद वह रोहतक की सुनारिया जेल से पुलिस काफिले के साथ आश्रम के लिए रवाना हुआ। जानकारी के अनुसार वह पुलिस सुरक्षा के बीच डेरा सच्चा सौदा के मुख्यालय में अभी रहेगा। गुरमीत राम रहीम को मंगलवार सुबह 6 बजकर 30 मिनट पर छोड़ा गया है। इससे पहले पैरोल से जुड़ी कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।
गुरमीत राम रहीम सिंह का हरियाणा के सिरसा में मुख्य आश्रम है। जेल से बाबा राम रहीम को सिरसा के लिए रवाना किया गया। गुरमीत राम रहीम सिंह साल 2017 से रोहतक की सुनारिया जेल में बंद है। उसे दो साध्वियों से दुष्कर्म के मामले में 10-10 साल की सजा सुनाई गई थी। इसके अलावा उसे पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या के मामले में भी उम्रकैद की सजा दी गई थी। सबसे पहले गुरमीत राम रहीम को अक्टूबर 2020 में एक दिन की पैरोल मिली थी। इसके मई 2021 में भी 1 दिन की पैरोल मिली थी। इसके बाद से अब गुरमीत राम रहीम को लगातार काफी ज्यादा अवधि के लिए पैरोल दी जा रही है।




