फतेहपुर में फर्जी दस्तावेजों के सहारे 10 साल से नौकरी कर रही महिला टीचर सस्पेंड, बर्खास्तगी भी तय
फतेहपुर के कंपोजिट विद्यालय समसपुर की सहायक अध्यापक सुषमा देवी को फर्जी अभिलेखों के आधार पर नौकरी करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। विकास खंड खजुहा के कंपोजिट विद्यालय समसपुर में तैनात रहीं सहायक अध्यापक सुषमा देवी को स्पेशल टास्क फोर्स की जांच रिपोर्ट पर बीएसए भारती तिपाठी ने निलंबित कर दिया है। अब इन पर शीघ्र ही बर्खास्तगी की कार्रवाई भी हो सकती है।
कानपुर के चौराई में रहने वाले राजेंद्र पांडेय ने वर्ष 2023 में शासन को फर्जी अभिलेखों से नौकरी करने की शिकायत शासन को भेजी थी। आरोप था कि शिक्षिका ने दो बार शैक्षिक प्रमाणपत्र हासिल कर जन्मतिथि बदलकर नौकरी प्राप्त की।
जांच रिपोर्ट में सुषमा देवी की ओर से दो बार हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा देने की पुष्टि हुई और जन्मतिथि में हेराफेरी की बात सामने आई। एसटीएफ ने 15 जनवरी 2025 को जांच रिपोर्ट बीएसए को सौंपी थी लेकिन विभाग मामले को दबाए था।
बेसिक शिक्षा अधिकारी भारती त्रिपाठी ने बताया कि शिक्षिका को निलंबित कर जांच बिठा दी गई है। जांच रिपोर्ट आने पर बर्खास्तगी के लिए शासन को पत्राचार किया जायेगा।




