खखरेरू नगर पंचायत में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, दुकानदारों को मिला 24 घंटे का समय

संवादाता/सत्येंद्र शुक्ला
फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। जिले की खखरेरू नगर पंचायत में सरकारी जमीन पर हुए अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रशासन ने अभियान चलाया। डाकघर के सामने और कटरा तिराहा क्षेत्र में अधिशासी अधिकारी, नायब तहसीलदार और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।
अतिक्रमण हटाने के लिए जैसे ही जेसीबी मशीन आगे बढ़ी और एक-दो दुकानों को हटाया गया, वैसे ही वहां कब्जा जमाए दुकानदारों में हलचल मच गई। इस दौरान दुकानदारों ने प्रशासन से अतिक्रमण हटाने के लिए एक दिन का समय मांगा और स्वयं कब्जा हटाने का आश्वासन दिया।
दुकानदारों के अनुरोध पर प्रशासन ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए 24 घंटे का समय दे दिया और टीम वापस लौट गई। अधिशासी अधिकारी हरिगेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों ने स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए समय मांगा है, जिसे स्वीकार कर लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि तय समय के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान विजयीपुर के नायब तहसीलदार रजनीश श्रीवास्तव, धाता क्षेत्र के अधिकारी और थानाध्यक्ष सत्यपाल सिंह समेत पुलिस बल मौजूद रहा।




