लक्ष्मी नगर थाना पुलिस ने साइकिल चोरी का किया खुलासा, दो शातिर आरोपी गिरफ्तार, चोरी की साइकिल बरामद

दिल्ली ब्यूरो। लक्ष्मी नगर थाना पुलिस ने सतर्कता और त्वरित कार्रवाई करते हुए साइकिल चोरी के एक मामले का खुलासा कर दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई टाटा स्ट्राइडर साइकिल भी बरामद कर ली है। मामले का खुलासा सीसीटीवी फुटेज के गहन विश्लेषण और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर किया गया।
पुलिस के अनुसार 12 मई 2026 को पश्चिम गुरु अंगद नगर, लक्ष्मी नगर निवासी रवि डालमिया की शिकायत पर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उनकी टाटा स्ट्राइडर साइकिल चोरी किए जाने के संबंध में ई-एफआईआर संख्या 10885/2026 धारा 305(बी)/317(2)/3(5)/112 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायत मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने आसपास के क्षेत्रों में गहन जांच के साथ-साथ 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। इसके अलावा स्थानीय स्तर पर पूछताछ, मुखबिरों से मिली जानकारी और तकनीकी निगरानी के माध्यम से आरोपियों की पहचान कर उन्हें ट्रैक किया गया।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उनकी पहचान अश्वनी उर्फ विपिन उर्फ बोची (26 वर्ष) और ललित उर्फ चुहिया (23 वर्ष), दोनों निवासी सरोजिनी नायडू पार्क, गीता कॉलोनी, दिल्ली के रूप में हुई। उनकी निशानदेही पर चोरी की गई काले रंग की टाटा स्ट्राइडर साइकिल बरामद की गई।
पुलिस के मुताबिक अश्वनी पूर्व में 22 से अधिक आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है, जबकि ललित पर 15 से अधिक मामलों में संलिप्तता पाई गई है। पुलिस अब दोनों आरोपियों से अन्य मामलों में भी पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button