तिरंगे में लिपटा जवान का पार्थिव शरीर पहुंचा गांव, आठ वर्षीय बेटे ने दी मुखाग्नि
चरखी दादरी के गांव कासनी निवासी सेना के जवान रवि प्रकाश सांगवान का सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। ट्रेनिंग के दौरान हार्ट अटैक से उनका निधन हुआ था। आठ वर्षीय बेटे देव ने पिता को मुखाग्नि दी।

चरखी दादरी/हरियाणा। चरखी दादरी जिले के गांव कासनी निवासी भारतीय सेना के जवान रवि प्रकाश सांगवान का पार्थिव शरीर बुधवार को उनके पैतृक गांव पहुंचा। तिरंगे में लिपटे वीर जवान के पार्थिव शरीर को देखकर ग्रामीणों और परिजनों की आंखें नम हो गईं। युवाओं और ग्रामीणों ने बाइक काफिले के साथ जवान की अंतिम यात्रा निकाली। इस दौरान भारत माता की जय और रवि प्रकाश अमर रहे के नारों से वातावरण गूंज उठा।
रवि प्रकाश सांगवान का राजकीय एवं सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनके आठ वर्षीय बेटे देव सांगवान ने पिता को मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और क्षेत्र के लोग मौजूद रहे। सभी ने नम आंखों से वीर जवान को अंतिम विदाई दी और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
रवि प्रकाश वर्ष 2015 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। वर्तमान में वह राष्ट्रीय राइफल्स की 54वीं बटालियन में कश्मीर में तैनात थे। हवलदार पदोन्नति पाठ्यक्रम के लिए वह बेंगलुरु में प्रशिक्षण ले रहे थे। उनके पिता कृष्ण सांगवान ने बताया कि प्रशिक्षण के अंतिम दिन शारीरिक गतिविधि के दौरान अचानक दिल का दौरा पड़ने से रवि प्रकाश की तबीयत बिगड़ गई और उनका निधन हो गया।
पिता कृष्ण सांगवान ने कहा कि बेटे को खोने का दुख परिवार के लिए बेहद बड़ा है, लेकिन देश की सेवा करते हुए बेटे की उपलब्धियों पर उन्हें गर्व है। रवि प्रकाश बॉक्सिंग में पांच बार स्वर्ण पदक जीत चुके थे। उन्होंने कहा कि बेटे ने प्रशिक्षण पूरा कर हवलदार बनने का सपना पूरा किया और अपना वादा निभाकर घर लौट आया। परिवार ने अब उनके आठ वर्षीय बेटे देव को भी बड़ा होकर सेना में भेजकर देश सेवा के लिए तैयार करने का संकल्प लिया है।
अंतिम यात्रा के दौरान गांव के युवाओं और ग्रामीणों में जवान के प्रति गहरा सम्मान दिखाई दिया। तिरंगे में लिपटे पार्थिव शरीर के साथ बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और भारत माता की जय तथा रवि प्रकाश अमर रहे के नारे लगाए।
दादरी विधायक सुनील सांगवान ने कहा कि शहीद किसी एक गांव, क्षेत्र, गोत्र या धर्म की पहचान नहीं होता, बल्कि वह पूरे देश की शान होता है। रवि प्रकाश ने देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार, समाज और व्यक्तिगत स्तर पर शोकाकुल परिवार की हरसंभव मदद की जाएगी।
अंतिम संस्कार में विधायक सुनील सांगवान, नायब तहसीलदार साहिल दलाल, भाजपा जिलाध्यक्ष राष्ट्रदीप परमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने वीर जवान रवि प्रकाश सांगवान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बलिदान को नमन किया।




