नंद नगरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध पिस्टल और कारतूस के साथ शातिर अपराधी गिरफ्तार

दिल्ली ब्यूरो। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी इलाके में पुलिस की सतर्क पेट्रोलिंग टीम ने एक खतरनाक और शातिर अपराधी को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले से ही लूट और चोरी के करीब 10 मामलों में शामिल रहा है।
पुलिस के अनुसार 10 और 11 मई 2026 की दरमियानी रात थाना नंद नगरी की पेट्रोलिंग टीम इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान एएसआई प्रमोद कुमार, हेड कांस्टेबल दीपक और रोहित, कांस्टेबल जितेंद्र तथा महिला कांस्टेबल संजना की टीम को विशेष सूचना मिली, जिसके आधार पर वे के-ब्लॉक इलाके में पहुंचे। वहां एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे दबोच लिया।
तलाशी लेने पर आरोपी के पास से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। आरोपी की पहचान 38 वर्षीय इस्लाम उर्फ असलम, पुत्र मेहकू उर्फ मैक, निवासी के-ब्लॉक, गली नंबर 5, सुंदर नगरी के रूप में हुई है।
इस संबंध में थाना नंद नगरी में एफआईआर संख्या 263/26 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि वह पहले लूट और मकान चोरी के 10 मामलों में शामिल रहा है।
फिलहाल पुलिस आरोपी के आपराधिक नेटवर्क और उसके अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस का कहना है कि इलाके में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button