शाहदरा में पत्नी ने दुपट्टे से गला घोंटकर की पति की हत्या, 7 महीने पहले हुई थी शादी

पुणे के केतन अग्रवाल और सिया गोयल का मामला अभी चर्चा में ही है कि दिल्ली से एक और कुछ ऐसा ही मिलता-जुलता मामला सामने आया है। दिल्ली में साहिल को अपनी पत्नी पर शक हुआ, तो उसने उसका फोन चेक किया। जिसके बाद पत्नी ने उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी।

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली स्टेट हेड

पूर्वी दिल्ली। राजधानी दिल्ली के शाहदरा जिले के जगतपुरी इलाके में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां शादी के महज सात महीने बाद पत्नी ने अपने पति की दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में प्रयुक्त दुपट्टा भी बरामद कर लिया है। मृतक की पहचान 19 वर्षीय मुस्तकीम उर्फ साहिल के रूप में हुई है, जो पेशे से डिलीवरी बॉय था। आरोपी पत्नी अलीशा (20) को पुलिस ने घटना के बाद एक गुरुद्वारे से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 2 जुलाई की तड़के करीब 3:52 बजे जगतपुरी थाने को पीसीआर कॉल के माध्यम से सूचना मिली कि राशिद मार्केट इलाके में एक महिला ने अपने पति का गला घोंट दिया है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने मुस्तकीम को अचेत अवस्था में पाया और तत्काल डॉ. हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की मां की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी अलीशा ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसके पति को उस पर विवाहेतर संबंध होने का शक था। इसी शक के चलते वह उसका मोबाइल फोन चेक कर रहा था, जिसको लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोपी के अनुसार, विवाद के दौरान पति ने उसके साथ मारपीट की, जिससे आक्रोशित होकर उसने दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया। घटना के बाद वह मौके से फरार होकर एक गुरुद्वारे में छिप गई थी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों की शादी पिछले वर्ष 13 दिसंबर को हुई थी और शादी के बाद से ही उनके बीच अक्सर विवाद होता रहता था। बताया जाता है कि अलीशा अधिकतर समय मायके में रहती थी, जिससे पति को उस पर संदेह रहता था।
घटना से एक दिन पहले ही अलीशा मायके से वापस ससुराल आई थी। तड़के दोनों के बीच फिर विवाद हुआ, जो मारपीट और अंततः हत्या तक पहुंच गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button