दिल्ली के सीलमपुर में नाले से पशु अवशेष मिलने पर बढ़ा तनाव, हिंदू संगठनों ने गोवंश की हत्या का लगाया आरोप

उत्तर पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर में नाले से पशु अवशेष मिलने पर तनाव फैल गया। हिंदू संगठनों ने गोवंश हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की, जिसके बाद पुलिस ने स्थिति संभाली और जांच का आश्वासन दिया है।
दिल्ली ब्यूरो। उत्तर पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर क्षेत्र में ब्रह्मपुरी पुलिया के पास नाले में पशु के अवशेष मिलने के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना फैलते ही बजरंग दल व अन्य हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और गोवंश की हत्या का आरोप लगाया। बड़ी संख्या में भीड़ जुटती देख पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। इलाके में भारी पुलिसबल तैनात कर दिया गया। कार्रवाई का अश्वासन मिलने के बाद कार्यकर्ता शांत होकर लौट गए।
ब्रह्मपुरी पुलिया के पास नाले में पशु अवशेष होने की सूचना कुछ लोगों ने पुलिस को दी। सूचना फैलते ही हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि इलाके में लगातार गोवंश की हत्या की जा रही है। कुछ समय पहले भी गोवंश के अवशेष मिले थे। पुलिस ने क्रेन की मदद से नाले से अवशेषों को बाहर निकलवाया और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो सके। कार्यकर्ताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग की। वहीं पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया और आश्वासन दिया कि पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।




