देशभर में एलपीजी का संकट, सिलेंडर भरवाने के लिए लगी लाइनें

पाइप गैस कनेक्शन वालों के लिए भी मुश्किल

नई दिल्ली/एजेंसी। अमेरिका-इजरायल और ईरान युद्ध के कारण राजधानी दिल्ली, यूपी और हरियाणा सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में एलपीजी की किल्लत होने लगी है। गैस सिलेंडर भरवाने को लेकर मारामारी शुरू हो गई है। लखनऊ समेत कई शहरों में गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। कई जगह घरेलू आपूर्ति तो अभी सामान्य है, लेकिन वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों को लेकर परेशानी बढ़ रही है। यह स्थिति इसलिए भी है कि लोग आशंका में पहले से ही गैस सिलेंडर भरवाकर जमा करने लगे हैं। व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति सीमित होने से दिल्ली में 50 हजार से अधिक रेस्तरां, पब, बार और होटलों के संचालन में दिक्कतें आने लगी हैं। अयोध्या में वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों की कमी के कारण राम नगरी में मंगलवार को नियमित शाम तीन बजे तक चलने वाली राम रसोई मंगलवार को दो बजे ही बंद करनी पड़ी। कई जगह मंदिरों ने लकड़ी और कोयले के उपयोग से भोजन पकाने का निर्णय लिया है। आल इंडिया एलपीजी डिस्ट्रिब्यूटर फेडरेशन (एआईएलडीएफ) के कार्यकारी अध्यक्ष पीएन सेठ के अनुसार यह दिक्कत कुछ दिन के लिए ही है।
रूस से आपूर्ति शुरू होते ही समस्या खत्म हो जाएगी। उधर, नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन आफ इंडिया (एनआरएआई), दिल्ली के अध्यक्ष संदीप आनंद गोयल ने कहा कि व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति बंद हो गई है। पीएनजी पाइप लाइन में भी गैस का दबाव 20 प्रतिशत कम कर दिया गया है। हरियाणा के कई जिलों में पिछले दो-तीन दिनों से कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की सप्लाई प्रभावित होने लगी है। राज्य के कई जिलों में एजेंसियों तक नई खेप नहीं पहुंचने की सूचना है। कई स्थानों पर एजेंसियां पुराने स्टॉक से सीमित सिलेंडर दे रही हैं। इन दिनों विवाह समारोहों और सामाजिक आयोजनों के कारण मांग सामान्य दिनों से अधिक बनी हुई है। पंजाब में एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित हुई है। कई जिलों में गैस एजेंसियों को कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई मिलनी बंद हो गई है। जालंधर के होटल संचालकों का कहना है कि अगर सिलेंडर की सप्लाई नहीं होती है तो मजबूरी में कमर्शियल इंडक्शन पर काम चलाना पड़ेगा। दूसरी तरफ राज्य में घरेलू गैस सिलेंडर की सप्लाई भी प्रभावित हो रही है।
मध्य प्रदेश में भी कई शहरों में कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति रोक दी गई है। घरेलू एलपीजी की बुकिंग भी बढ़ गई है। भोपाल में कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई सोमवार से तो इंदौर में आज से बंद कर गई है। हिमाचल प्रदेश में फिलहाल एलपीजी की कोई कमी नहीं हैं। यहां उपभोक्ताओं को 25 दिन बाद ही गैस सिलेंडर की रिफिलिंग की जा रही है। हालांकि, व्यावसायिक सिलेंडर की आपूर्ति यहां भी बंद कर दी गई है।
कोलकाता में 2000 रेस्तरां का संचालन प्रभावित
कोलकाता समेत बंगाल में रेस्तरां कारोबारी एलपीजी की कमी का सामना कर रहे हैं। उद्योग संघों ने चेतावनी दी है कि यदि ईंधन की आपूर्ति जल्द ही सामान्य नहीं हुई तो परेशानी और बढ़ेगी। नेशनल रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनआरएआई) की कोलकाता शाखा के प्रमुख पीयूष कंकारिया ने बताया कि शहर में लगभग 5,000 रेस्तरां हैं। इनमें लगभग 40 प्रतिशत यानी लगभग 2000 रेस्तरां के संचालन में तत्काल व्यवधान देखा जा रहा है।
एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता कम होने से बढ़ी कालाबाजारी
जम्मू में गैस कंपनियां किसी भी तरह की किल्लत से इनकार कर रही है। हालांकि, जमीनी स्तर पर व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता कम होने से कालाबाजारी शुरू हो गई है। गत दिनों इसके दाम में बढ़ोतरी होने के बाद से ही व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की कुछ क्षेत्रों में कमी देखने को मिल रही है।
अस्पताल व शिक्षण संस्थानों को छोड़ व्यावसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति पर रोक
उत्तराखंड शासन ने सभी जिलों में अस्पताल व शिक्षण संस्थानों को छोड़ अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के लिए व्यावसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति पर रोक लगा दी है। जिसके चलते अधिकांश होटल, रेस्टोरेंट व ढाबों के अलावा बैंक्वेट हाल संचालक परेशान हैं। घरेलू उपभोक्ताओं को भी अब 21 के बजाय 25 दिन में दूसरा सिलेंडर मिलेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button