मुंबई के कुर्ला में बेस्ट डिपो में खड़ी इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस में लगी भीषण आग, कोई हताहत नहीं

मुंबई के कुर्ला स्थित बेस्ट डिपो में खड़ी एक खाली इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस में आग लग गई। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और दमकल विभाग ने आग पर काबू पा लिया।
मुंबई/एजेंसी। मुंबई के कुर्ला इलाके में स्थित बेस्ट डिपो में रविवार को एक खाली इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस में आग लग गई। अधिकारियों के अनुसार, यह बस सर्विसिंग के दौरान खड़ी थी और घटना के समय उसमें कोई भी सवार नहीं था। मुंबई फायर ब्रिगेड के मुताबिक, आग शाम करीब 4 बजकर 14 मिनट पर कनाकिया बिल्डिंग के पास स्थित डिपो में लगी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बस उस समय पार्क की हुई थी और पूरी तरह खाली थी। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया। अधिकारियों ने बताया कि इस हादसे में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि आग कैसे लगी। इस घटना में बस को काफी नुकसान हुआ है, लेकिन समय रहते आग बुझा ली गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। अधिकारियों ने यह भी साफ किया कि हादसे के समय बस में कोई यात्री या स्टाफ मौजूद नहीं था, इसलिए किसी की जान को खतरा नहीं हुआ।
बेस्ट के पास करीब 2700 बसों का बेड़ा है। इसमें इलेक्ट्रिक बसों की संख्या भी धीरे-धीरे बढ़ाई जा रही है। जानकारी के अनुसार, बेस्ट ने स्वीच मॉबिलिटी से 50 इलेक्ट्रिक डबल डेकर बसें किराए पर ली हैं, जो उसके बेड़े का हिस्सा हैं।




