डीजे विवाद बना मौत की वजह! अपहरण के बाद युवक ने चलती गाड़ी से कूदकर गंवाई जान
मारपीट और जबरन वाहन में बैठाने का आरोप, डर के कारण युवक ने लगाई छलांग सिर में गंभीर चोट से मौत

थाना बैकुंठपुर क्षेत्र में डीजे विवाद से उपजे झगड़े ने एक युवक की जान ले ली। ग्राम ठगगांव निवासी 21 वर्षीय विजेंद्र खैरवार को आरोपियों ने जबरन पिकअप वाहन में बैठाकर मारपीट की, जिसके डर से उसने चलती गाड़ी से छलांग लगा दी। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने अपहरण और इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर वाहन जब्त किया और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है।
शोभित शर्मा,कोरिया/छत्तीसगढ़। थाना बैकुंठपुर क्षेत्र में डीजे विवाद से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें अपहरण और मारपीट के बाद युवक की मौत हो गई। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि ग्राम ठगगांव निवासी 21 वर्षीय विजेंद्र खैरवार 24 फरवरी की रात शादी समारोह में शामिल होने गया था, जहां डीजे बजाने को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान आरोपियों रमेश साहू और नंदू उर्फ नंद किशोर यादव ने अपने साथियों के साथ मिलकर विजेंद्र को जबरन पिकअप वाहन में बैठा लिया और उसके साथ मारपीट की।
बताया गया है कि भय और मारपीट के कारण विजेंद्र ने चलती गाड़ी से छलांग लगा दी, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले को अपहरण और इरादतन हत्या मानते हुए धारा 138, 105, 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक कोरिया के निर्देशन में गठित टीम ने आरोपियों से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की। घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
इस मामले की विवेचना में सहायक उप निरीक्षक लक्ष्मी कश्यप, आरक्षक रवि भगत, सूरज यादव, रोशन एक्का और पोड़ी बचरा चौकी के स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और परिजनों में गहरा शोक व्याप्त है।




