महाराष्ट्र में एक और ढोंगी बाबा का हुआ पर्दाफाश, जिम ट्रेनर मोंटी बाबा बनकर लगाने लगा दरबार
जिंदा मुर्गा, शराब, सिगरेट का चढ़ावा, भक्तों की शिकायत पर पकड़ा

महाराष्ट्र में अभी अशोक खरात का केस ठंडा नहीं हुआ था कि मुंबई पुलिस ने अब मोंटी बाबा के ढोंगी तांत्रिक को अरेस्ट किया है। यह संतान प्राप्ति में बाधा रखने वाली महिलाओं को टारगेट करता था है। यह ढोंगी बाबा कुछ समय पहले तक एक जिम ट्रेनर था।
मुंबई/एजेंसी। महाराष्ट्र में एक और ढोंगी बाबा का पर्दाफाश हुआ है। मुंबई पुलिस ने जिम ट्रेनर से तांत्रिक बने रिदम पंचाल उर्फ मोंटी बाबा को पकड़ा है। आरोप हैं कि इस ढोंगी मोंटी बाबा ने करीब 60 महिलाओं का यौन उत्पीड़न किया। दिंडोशी पुलिस ने महिलाओं के शोषण और अघोरी पूजा करने पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह श्रद्वा और विश्वास के नाम पर अंधश्रद्धा का घिनौना काम कर रहा था। पुलिस के अनुसार यह कुछ समय पहले तक एक सामान्य जिम ट्रेनर था। पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि इस ढोंगी बाबा के चंगुल में पढ़े-लिखे लोग भी थे।
पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि यह मोंटी बाबा सूर्यास्त के बाद एक्टिव होता था। वह रात आठ बजे से लेकर सुबह 7 बजे तक अपना दरबार लगाता था। वह उन महिलाओं को निशाना बनाता था, जिन्हें संतान की प्राप्ति में बाधा आ रही होती थी। वह उपचार के बहाने बकरे का कलेजा, जिंदा मुर्गी, महंगी शराब और सिगरेट जैसी चीजों की मांग करता था। पुलिस के अनुसार मोंटी बाबा भक्तों के सामने सिगरेट का धुआं पीकर छोड़ता था। इस दौरान वह दावा करता था कि उनके शरीर से भूत उतार रहा है। जबकि इसी की आड़ में वह महिलाओं के साथ अश्लील कृत्य को अंजाम देता था। दिंडोशी पुलिस ने बीजेपी नेता एडवोकेट सिद्धार्थ शर्मा के हस्तक्षेप के बाद इस ढोंगी बाबा को जब अरेस्ट किया तो उसकी पोल खुल गई।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि रिदम पंचाल उर्फ मोंटी बाबा मलाड के एक खाली प्लॉट से अपना काम चलाता था और हर गुरुवार और शनिवार को रात 8 बजे से सुबह 7 बजे तक ‘दरबार’ लगाता था। उसने दावा किया कि उस पर एक देवी का साया है और उसने दर्जनों महिलाओं को बच्चे पैदा करने में मदद करने के बहाने अपने जाल में फंसाया।
इस पूरे मामले में जिस बात ने लोगों का ध्यान खींचा। वह थी मोंटी बाबा के तौर-तरीके। वह भूतों को भगाने के लिए मुंह में जलती हुई सिगरेट रखकर ‘अघोरी’ अनुष्ठान करता था। महंगी शराब, सिगरेट और जानवरों के कलेजे की उसकी मांगों ने कुछ भक्तों और स्थानीय लोगों के मन में शक पैदा कर दिया। जब उसके कुछ अनुयायियों ने उसके रीति-रिवाजों पर सवाल उठाना शुरू किया या पैसे और सामान की उसकी मांगों को पूरा करने में असमर्थ रहे, तो उसने कथित तौर पर उनके घरों पर गुंडों को भेजा ताकि उन्हें धमकाया गया। इस वजह से पीड़ितों को बाहर से मदद लेनी पड़ी, लेकिन बीजेपी नेता एडवोकेट सिद्धार्थ शर्मा का सहयोग मिलने के बाद लोगों ने बाबा का भंडाफोड़ कर दिया।




