काशी हिंदू विश्वविद्यालय को हराकर डॉ. शकुंतला मिश्रा पुनर्वास विश्वविद्यालय ने जीती ट्रॉफी
विक्रम सेन, अजीत बाबू और रानू के शानदार प्रदर्शन से लखनऊ विजेता

वाराणसी/उत्तर प्रदेश। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के एमपी थियेटर में ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित दो दिवसीय दिव्य दृष्टि ट्रॉफी अंतर विश्वविद्यालयीय ब्लाइंड क्रिकेट टूर्नामेंट में डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय, लखनऊ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीरीज़ 3-0 से अपने नाम कर ली।
पहले मैच में लखनऊ की टीम ने टॉस जीतकर बल्लेबाज़ी का निर्णय लिया और निर्धारित 10 ओवरों में 208 रन बनाए। विक्रम सेन ने 20 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 108 रन बनाए जबकि अजीत ने 45 रन जोड़े। जवाब में काशी हिंदू विश्वविद्यालय की टीम 142 रन ही बना सकी। इस मैच का मैन ऑफ द मैच विक्रम सेन रहे।
दूसरे मैच में काशी हिंदू विश्वविद्यालय ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 135 रन बनाए। अंगद ने 44 और अभय ने 42 रन बनाए। लखनऊ की ओर से अजीत बाबू ने 2 विकेट लिए। जवाब में लखनऊ ने 9वें ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। अजीत बाबू ने 51 रन बनाए जिसमें उन्होंने एक ओवर की सभी 6 गेंदों पर चौके लगाए। इस मैच का मैन ऑफ द मैच अजीत बाबू रहे।
तीसरे मैच में भी लखनऊ की टीम ने जीत दर्ज कर सीरीज़ 3-0 से अपने नाम की। मैन ऑफ द सीरीज़ का पुरस्कार लखनऊ के रानू को दिया गया।
समापन समारोह में खिलाड़ियों को मेडल और विजेता-उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व नगद पुरस्कार प्रदान किए गए। इस अवसर पर एआईडीसीए के महामंत्री डॉ. संजय चौरसिया ने घोषणा की कि शीघ्र ही अन्य विश्वविद्यालयों के बीच दिव्य दृष्टि क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित किया जाएगा। डॉ. उत्तम ओझा ने महिला दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए भी क्रिकेट मैच आयोजित करने की योजना की जानकारी दी। कार्यक्रम में एआईडीसीए की उपाध्यक्ष कमलजीत कौर गिल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।




