आजमगढ़ शिक्षा विभाग में फर्जीवाड़ा: 21 शिक्षकों की एक ही पहचान,वेतन पर रोक

जन्मतिथि और पिता का नाम भी एक! 21 शिक्षकों की फर्जी आईडी उजागर

आजमगढ़/उत्तर प्रदेश। बेसिक शिक्षा विभाग के एक-एक कारनामे देखने को मिलते हैं। इस बार ताजा मामला आजमगढ़ जिले में एक ही नाम, पिता का नाम और जन्मतिथि पर कई मानव संपदा आईडी बनाए जाने का सामने आया है। जिसको लेकर जिले में बेसिक शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। इस पूरे मामले में बेसिक शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए आजमगढ़ जिले के पांच विकास खंडों के शिक्षकों का वेतन नोटिस जारी कर रोकने का आदेश भी दे दिया है। शिक्षा विभाग ने इस मामले में अब जांच भी शुरू कर दिया है।
आजमगढ़ के बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव कुमार पाठक ने बताया कि 20 जनवरी को शासन की ओर से भेजे गए पत्र में जिले के कुछ ऐसे शिक्षक और शिक्षिकाओं की सूची उपलब्ध कराई गई थी, जिनकी एक से अधिक मानव संपदा आईडी सक्रिय पाई गई है। जब सूची का परीक्षण कराया गया तो जिले के पांच शिक्षा क्षेत्रों के विभिन्न विद्यालयों में तैनात 21 शिक्षकों के नाम सामने आए हैं। इन लोगों की तैनाती जनपद आजमगढ़ के पांच विकासखंडों हरैया, रानी की सराय, तहबरपुर, लालगंज और मार्टीनगंज शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालयों में की गई है।
जांच की यह रिपोर्ट मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक आजमगढ़ मंडल को सौंपी गई। जिसके आधार पर मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक आजमगढ़ मंडल मनोज कुमार मिश्रा के निर्देश पर संबंधित शिक्षकों को नोटिस जारी कर दिया गया है। बातचीत के दौरान बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव कुमार पाठक ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच भी कराई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद दोषी पाए जाने पर संबंधित शिक्षकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।
इस कार्रवाई में पांच विकासखंडों के कुल 21 शिक्षक और शिक्षिकाओं का नाम सामने आया है। इनमें सज्जन कुमार, अंजना कुमारी, रवि प्रकाश मिश्रा, संतोष कुमार सिंह, जयशंकर यादव, दिग्विजय कुमार राय, शैलेन्द्र कुमार यादव, शेषनाथ यादव, मनोज कुमार, हिमांशु कुमार अस्थाना प्रथम, हिमांशु कुमार, अस्थाना द्वितीय, इंद्रजीत प्रथम, इंद्रजीत द्वितीय, रमेश कुमार प्रथम, रमेश कुमार द्वितीय, रविकांत पांडेय प्रथम, रविकांत पांडेय द्वितीय, सुरेंद्र कुमार प्रथम, सुरेंद्र कुमार द्वितीय, संगीता देवी प्रथम और संगीता देवी द्वितीय के नाम शामिल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button