पुरानी सीमापुरी में युवक ने किशोरी पर चाकू से हमला कर खुद को आग लगाई, युवक की मौत, युवती गंभीर

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली ब्यूरो। दिल्ली के पुरानी सीमापुरी इलाके में चाकूबाजी की घटना सामने आई है, जिसमें एक युवक ने युवती पर हमला किया और बाद में आत्महत्या कर ली। इस घटना में पुलिस को प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लड़का-लड़की पहले से एक-दूसरे को जानते थे। पुरानी सीमापुरी में एक सनसनीखेज घटना में 24 साल के युवक ने 16 साल की किशोरी पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद घर जाकर सिलिंडर से गैस खोलकर खुद को आग लगा ली। इस घटना में युवक की मौत हो गई, जबकि किशोरी अब जिंदगी के लिए जंग लड़ रही है।
पुलिस ने बताया कि नई सीमापुरी निवासी जतिन और किशोरी के बीच पहले से दोस्ती थी और किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी विवाद के दौरान युवक ने किशोरी पर हमला कर दिया। घटना के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने पुलिस को सूचना दी। घायल किशोरी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वारदात के कुछ देर बाद युवक अपने घर गया और खुद को आग के हवाले कर दिया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और दोनों के बीच दोस्ती और घटनाक्रम की गहराई से पड़ताल की जा रही है, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।




