सपा प्रदेश सचिव का पिस्टल लाइसेंस निरस्त, पेट्रोल पंप सील, आईओसी अधिकारी पर बेटे ने की थी फायरिंग

रामपुर/उत्तर प्रदेश। सिविल लाइंस क्षेत्र में इंडियन ऑयल कंपनी के फील्ड ऑफिसर अनिल कुमार की कार पर फायरिंग मामले में डीएम ने सपा के प्रदेश सचिव सुरेंद्र सागर की पिस्टल का लाइसेंस निरस्त कर दिया है। साथ ही उनके एक पेट्रोल पंप को सील किया गया है। दूसरे पेट्रोल पंप की जांच चल रही है। उधर, सुरेंद्र सागर ने दोनों पेट्रोल पंप अपने जानने वाले के बताए हैं। आवास विकास कॉलोनी में किराये के मकान में रहने वाले इंडियन ऑयल कंपनी के अधिकारी के घर के बाहर 14 जनवरी रात उनकी कार पर फायरिंग हुई थी।
पुलिस की जांच में सामने आया था कि फायरिंग करने वाले सपा नेता सुरेंद्र सागर का बेटा हिमांशु सागर और उसके चचेरे भाई नितिन हैं। हालांकि उस समय सुरेंद्र सागर बसपा में थे। पुलिस ने दो माह पहले दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पुलिस ने इस मामले में डीएम को रिपोर्ट भेजी थी। एएसपी अनुराग सिंह के अनुसार घटना में प्रयुक्त पिस्टल सुरेंद्र सागर की थी। उनके बेटे ने उसका प्रयोग किया था। जो लाइसेंस शर्तों का उल्लंघन है। पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने सुरेंद्र सागर का पिस्टल का लाइसेंस निरस्त कर दिया। इसके अलावा उनके दो पेट्रोल पंप की जांच की गई। जांच में शाहबाद स्थित पेट्रोल पंप में अनियमितता पाई गई। इस कारण पंप को सील कर दिया। दूसरे पंप की जांच चल रही है।
डीएम रामपुर अजय कुमार द्विवेदी, ने बताया कि पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर सुरेंद्र सागर की पिस्टल का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है। एक पेट्रोल पंप को अनियमितता के चलते सील किया गया है। दूसरे की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button