नहीं मिला जमीन का मुआवजा तो किसान ने हाईवे के बीच खड़ी कर दी ईंटों की दीवार

When the farmer did not get compensation for his land, he built a brick wall in the middle of the highway

कुरुक्षेत्र/हरियाणा। कोर्ट से केस जीतने के बाद भी जब प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की तो किसान ने स्टेट हाईवे-6 (कुरुक्षेत्र-पिहोवा मार्ग) पर खुद ही अपनी जमीन पर कब्जा कर लिया। उसने सड़क के बीच दीवार खड़ी कर दी। इससे दोनों ओर लंबा जाम लग गया। मामला पीडब्ल्यूडी ने वर्ष 1987 में अमृतसरी फार्म निवासी बलविंद्र सिंह की 22 मरले जमीन पर बिना मुआवज़ा दिए सड़क बना दी थी। किसान बलविंद्र सिंह ने अपने साथियों के साथ डंपिंग जोन के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर दी और दीवार उठानी शुरू कर दी। सूचना पर नायब तहसीलदार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन की समझाने के बावजूद बलविंद्र कोर्ट के आदेशों का हवाला देते हुए कब्जा हटाने को तैयार नहीं हुए।
बलविंद्र सिंह ने 2006 में सिविल कोर्ट में केस किया था। 2018 में उन्हें कोर्ट से जीत मिली। इसके खिलाफ पीडब्ल्यूडी ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की, लेकिन 2023 में हाईकोर्ट ने भी बलविंद्र के पक्ष में फैसला दिया। बाद में सरकार ने सेशन कोर्ट में अपील की, जिसे भी खारिज कर दिया गया। बलविंद्र के वकील मिथुन अत्रि ने बताया कि सरकार कोर्ट के आदेशों की लगातार अनदेखी कर रही थी। कई बार आश्वासन मिले, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मजबूरन अब उन्होंने खुद अपनी जमीन पर कब्जा लिया।
पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन ऋषि सचदेवा ने कहा कि यह पुराना मामला है और संभवतः जमीन अधिग्रहण के समय कुछ हिस्सा छूट गया होगा। पहले बलविंद्र को 5.5 लाख का मुआवज़ा दिया गया था, लेकिन वे संतुष्ट नहीं हुए। कोर्ट ने मुआवज़ा बढ़ाने का आदेश दिया, जिस पर विभाग ने पुनः याचिका डाली। कोर्ट के अंतिम आदेश में जो मुआवज़ा तय किया गया है, वह इन्हें दिलवाया जाएगा। लेकिन अचानक रास्ता बंद करना गलत है। यह स्टेट हाईवे है, इसे बंद नहीं किया जाना चाहिए था।
2 घंटे का जाम, मलबा हटाया गयादीवार खड़ी होने के बाद दोनों ओर ट्रैफिक ठप हो गया। करीब 2 घंटे बाद पुलिस ने सड़क से मलबा हटाया। इस दौरान पुलिस ने 2-3 लोगों को हिरासत में लिया और अन्य को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। पुलिस द्वारा कब्जा करने वालों के खिलाफ केस दर्ज किया जा सकता है। प्रशासन ने बलविंद्र सिंह को भरोसा दिलाया कि कोर्ट के आदेशों के अनुसार उन्हें जो भी मुआवज़ा बनता है, वह दिलवाया जाएगा। इसके बाद बलविंद्र ने रास्ता खोल दिया, जिससे ट्रैफिक सामान्य हो सका।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button