सीमापुरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, हत्यारोपी हथियार समेत दबोचा गया

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली ब्यूरो। दिल्ली के सीमापुरी इलाके में हुई हत्या की गुत्थी पुलिस ने कुछ ही घंटों में सुलझा ली। न्यू सीमापुरी में पैसों के विवाद को लेकर हुए झगड़े में आरोपी जावेद उर्फ गुंडा ने कैंची से हमला कर एक युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इलाज के दौरान घायल की मौत हो गई, जिसके बाद मामला हत्या में बदल गया।
घटना 8 मार्च को हुई थी जब झगड़े की सूचना पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज की। एसएचओ सीमापुरी इंस्पेक्टर सतविंदर राणा के नेतृत्व में बनाई गई टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपी को ट्रैक किया। आरोपी को उसकी झुग्गी से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई कैंची और घटना के समय पहने कपड़े बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार, आरोपी जावेद पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ 2018 और 2021 में सीमापुरी थाने में मारपीट और हमला करने के मामले दर्ज हो चुके हैं। इस कार्रवाई में इंस्पेक्टर श्रीचंद, एसआई विजय मीणा, HC प्रवेश, HC कपिल, HC अजीत, कांस्टेबल मुकेश और कांस्टेबल सुनील कुमार की टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button