राजस्थान का ज्योतिषी दुबई में फंसा, युद्ध के चलते फ्लाइट हुई कैंसिल
महाकाल के पुजारी के साथ गए थे रंगनाथ

जयपुर/एजेंसी। मध्य पूर्व में अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच भड़के युद्ध के अंगारों की तपिश अब राजस्थान के आंगन तक पहुंच गई है। डीग जिले के नगर इलाके के रहने वाले एक युवा ज्योतिषी, रंगनाथ शर्मा, इस वक्त दुबई में फंसे हुए हैं। युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द होने से उनकी घर वापसी का रास्ता फिलहाल बंद हो गया है, जिससे तरोडर गांव स्थित उनके घर में चिंता का माहौल है।
नगर थाना क्षेत्र के तरोडर निवासी मिथलेश जोशी ने बताया कि उनके छोटे भाई 28 वर्षीय रंगनाथ शर्मा पेशे से ज्योतिषी हैं और जयपुर संस्कृत महाविद्यालय में संविदा पर अध्यापन का कार्य भी करते हैं। वे 28 फरवरी को दुबई में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय ज्योतिष सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए भारत के कई दिग्गज ज्योतिषियों के साथ गए थे। इस दल में उज्जैन महाकाल के मुख्य पुजारी विकास शर्मा भी शामिल थे।
रंगनाथ शर्मा का कार्यक्रम 1 मार्च को भारत लौटने का था। वे तय समय पर होटल से चेक-आउट कर एयरपोर्ट भी पहुंच गए थे, लेकिन तभी युद्ध की घोषणा और हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण स्थितियां बदल गईं। दुबई पुलिस ने सुरक्षा कारणों और उड़ानों के निरस्त होने के चलते रंगनाथ और उनके साथियों को वापस होटल भेज दिया।
रंगनाथ के बड़े भाई मिथलेश जोशी, जो वर्तमान में धौलपुर जिले के नांदनपुर थाने में कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं, लगातार अपने भाई के संपर्क में हैं। उन्होंने बताया- कल मेरी छोटे भाई से वीडियो कॉल पर बात हुई थी। वह फिलहाल एक सुरक्षित होटल में रुके हुए हैं। हालांकि वहां का माहौल तनावपूर्ण है, लेकिन वह हिम्मत बनाए हुए हैं।
अभी रंगनाथ शर्मा की शादी नहीं हुई है, इसलिए पूरे परिवार का उनसे गहरा लगाव है। उनकी मां और परिजन घर में लगातार पूजा-पाठ और भगवान से उनकी सुरक्षित वापसी की कामना कर रहे हैं। हालांकि भारत सरकार दुबई में फंसे नागरिकों के संपर्क में है और दूतावास के जरिए स्थिति पर नजर रखी जा रही है, लेकिन युद्ध की अनिश्चितता ने परिजनों की धड़कनें बढ़ा दी हैं।





