ईरान प्रदर्शनों में मरने वालों की संख्या 7000 पार, मानवाधिकार एजेंसी का दावा

ईरान। ईरान में पिछले महीने हुए राष्ट्रव्यापी प्रदर्शनों पर हुई कार्रवाई में मरने वालों की संख्या बढ़कर 7,002 हो गई है। अमेरिका स्थित मानवाधिकार कार्यकर्ता समाचार एजेंसी ने गुरुवार को यह जानकारी दी है। साथ ही कहा है कि अब भी कई और लोगों के मारे जाने की आशंका है।
मरने वालों के आंकड़ों में यह वृद्धि इसलिए हो रही है, क्योंकि एजेंसी धीरे-धीरे सूचनाओं की पुष्टि कर पा रही है। एजेंसी का कहना है कि ईरान में लोगों से संचार अब भी कठिन है।
ईरान सरकार ने 21 जनवरी को ही मरने वालों की संख्या बताई थी, जिसमें 3,117 लोगों के मारे जाने की बात कही गई थी। मरने वालों की संख्या में यह वृद्धि ऐसे समय में हुई है जब ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम को लेकर अमेरिका के साथ बातचीत करने का प्रयास कर रहा है।




