पाकिस्तान के बलूचिस्तान में पुलिस पोस्ट पर हमला, एसएचओ समेत नौ पुलिसकर्मियों की मौत
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के जियारत जिले में एक पुलिस पोस्ट पर हथियारबंद हमलावरों ने हमला किया, जिसमें दो एसएचओ सहित नौ पुलिसकर्मियों की मौत हो गई।

इस्लामाबाद/एजेंसी। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के जियारत जिले में हथियारबंद हमलावरों ने पुलिस पोस्ट पर घातक हमला कर दिया, जिसमें दो स्टेशन हाउस ऑफिसर (एसएचओ) समेत कम से कम नौ पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
स्थानीय मीडिया सूत्रों के हवाले से पाकिस्तानी अखबार ‘डॉन’ ने बताया कि सोमवार रात हथियारबंद हमलावरों ने पुलिस पोस्ट को निशाना बनाया। हमले के दौरान पुलिस और हमलावरों के बीच कुछ समय तक भीषण गोलीबारी हुई, लेकिन हमलावर परिसर में घुसने में सफल रहे।
जियारत के डिप्टी कमिश्नर अब्दुल कुदूस अचकजई ने घटना में नौ पुलिसकर्मियों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हमले के बाद पांच पुलिसकर्मी लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब पाकिस्तान के सीमावर्ती प्रांतों, खासकर बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा में सुरक्षा बलों पर हमले लगातार बढ़ रहे हैं। इससे पहले 2 जुलाई को खैबर पख्तूनख्वा के मोहमंद जिले में पुलिस गश्त दल पर हमले में एक अतिरिक्त एसएचओ समेत दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य घायल हो गया था।
पुलिस के अनुसार, इस हमले के पीछे ‘फितना-अल-खवारिज’ आतंकवादी समूह का हाथ बताया जा रहा है, जो प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) से जुड़ा हुआ है।
गौरतलब है कि 27 जून को भी बलूचिस्तान के मस्तुंग जिले के दश्त इलाके में पुलिस वाहन के पास बम विस्फोट हुआ था, जिसमें चार पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। लगातार हो रहे इन हमलों ने पाकिस्तान में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन द्वारा हालात पर नियंत्रण के लिए अभियान तेज करने की बात कही जा रही है।




