थाईलैंड में 11 साल के बच्चे ने तीर्थयात्रियों पर चढ़ाया पिकअप ट्रक, 8 बौद्ध भिक्षुओं की दर्दनाक मौत
पूर्वोत्तर थाईलैंड में एक 11 वर्षीय लड़के द्वारा चलाए जा रहे पिकअप ट्रक की चपेट में आने से तीर्थयात्रा पर निकले 8 बौद्ध भिक्षुओं की दर्दनाक मौत हो गई।

बैंकॉक/एजेंसी। पूर्वोत्तर थाईलैंड में गुरुवार को एक 11 वर्षीय लड़के ने तीर्थयात्रा पर निकले भिक्षुओं के एक समूह पर पिकअप ट्रक चढ़ा दिया। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 8 भिक्षुओं की मौत हो गई।
समाचार एजेंसी एपी के अनुसार, मुकदाहान के गवर्नर वोरयान बुन्नारत ने बताया कि पांच भिक्षुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके अलावा 14 अन्य घायल भिक्षुओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय पुलिस ने बताया कि आरोपी 11 वर्षीय लड़का अब उनकी हिरासत में है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के सटीक कारणों की अभी जांच की जा रही है।
हालांकि, हादसे में सुरक्षित बचे भिक्षुओं ने पुलिस को बताया कि उन्होंने देखा था कि वाहन ने अपना संतुलन खो दिया था, जिसके बाद वह सड़क से फिसलकर सीधे उनके समूह से आ टकराया। राजधानी बैंकॉक से लगभग 600 किलोमीटर पूर्वोत्तर में स्थित मुकदाहान प्रांत के कुल 35 बौद्ध भिक्षु इस तीर्थयात्रा पर निकले हुए थे, जब यह दुखद घटना घटी।




