फतेहपुर में कॉलेज प्रवक्ता के मकान से तीन लाख के जेवर उड़ा ले गए चोर

फतेहपुर /उत्तर प्रदेश। खखरेड़ू रहुआपुर मजरे किशनपुर चिरई गांव स्थित कालेज प्रवक्ता के सूने घर से चोरों ने कालेज प्रवक्ता के सूने घर में घुसकर तीन लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर उड़ा ले गए। प्रवक्ता की तहरीर पर पुलिस आस पास प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाल रही है।
खखरेडू थाने के रहुआपुर मजरे किशनपुर चिरई गांव में रहने वाले अखिलेश नारायण मिश्र जयरामपुर इंटर कालेज में नागरिक शास्त्र के प्रवक्ता हैं। प्रवक्ता ने बताया कि उनके ससुर की तबीयत खराब है। जिससे वह प्रयागराज में थे और घर के मकान में ताला बंद था। शनिवार सुबह, भतीजे मनोज कुमार ने घर के मुख्य दरवाजे की कुंडी टूटने की सूचना दी। वह घर पहुंचे तो कमरे में सामान इधर-उधर बिखरा मिला। लोहे की अलमारी का लाकर तोड़कर चोर 10 ग्राम वजन की सोने की चैन, पांच ग्राम वजन के सोने के टाप्स और 50 ग्राम वजन का चांदी का ब्रेसलेट ले गए। मंहगे कपड़े, साड़ियां व अन्य सामान भी चोर ले गए हैं।
घर के पीछे वाली दीवार से सटाकर ईंट रखकर चोर खेत के रास्ते भाग निकले। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि एक संदिग्ध युवक कई दिनों से शिक्षक के घर के आसपास घूम रहा था। उसने ग्रामीणों से भी शिक्षक के घर में ताला बंद होने की बात कही थी। थानाध्यक्ष विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि अज्ञात में मुकदमा पंजीकृत कर जांच की जा रही है, जल्द ही राजफाश किया जाएगा।




