कानपुर में पेट्रोल की ‘लूट’: गुजैनी एलिवेटेड पुल पर टैंकर से रिसाव, बाल्टी-बोतल लेकर दौड़े लोग

कानपुर/उत्तर प्रदेश। गुजैनी एलिवेटेड पुल पर खराब खड़े पेट्रोल लदे टैंकर में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जोरदार टक्कर से टैंकर क्षतिग्रस्त होने के साथ ही उससे पेट्रोल का रिसाव भी शुरू हो गया। चालक ने इलाकाई लोगाें की मदद मांगी, लेकिन जैसे ही किल्लत के बीच उन्हें पेट्रोल गिरने की जानकारी हुई तो लूट मच गई। आनन-फानन में लोग पेट्रोल भरने के लिए बाल्टी लेकर दौड़ पड़े। इस पर तत्काल चालक ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए लोगों को खदेड़ा। इसके बाद फायर ब्रिगेड की मौजूदगी में दूसरा टैंकर बुलवाकर पेट्रोल खाली कराने का काम शुरू कराया। वहीं, सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने यातायात को डाइवर्ट कर दिया।
बांदा, तेंदवारी के जबलपुर गांव निवासी टैंकर चालक मुन्ना प्रसाद ने बताया कि वह रायपुर स्थित एचपीसीएल के डिपो से टैंकर में पेट्रोल भरवाकर शिवराजपुरम जा रहा था, तभी गुजैनी एलिवेटेड पुल पर एकाएक टैंकर खराब हो गया। इस पर टैंकर को साइड में करके मिस्त्री बुलवाकर ठीक कराने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहा वाहन टैंकर को साइड से टक्कर मारते हुए गुजर गया।
इससे टैंकर के किनारे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे रिसाव होने शुरू हो गया। पहले एमसील लगाकर रिसाव रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं रूका। इस पर आसपास के लोगों से बाल्टी की मांगी। बताया कि उसके टैंकर से पेट्रोल गिर रहा। इतना सुनते ही वहां मौजूद भीड़, जिसके हाथ में जो बर्तन लगा, उससे लेकर दौड़ पड़ा। लोगों की भीड़ देख तत्काल कंपनी और पुलिस को सूचना दी, जिसके कुछ ही देर में पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को संभाल लिया। गोविंदनगर थानाप्रभारी रिकेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस, फायर ब्रिगेड और एचपीसीएल के अधिकारियों की मौजूदगी में पेट्रोल को दूसरे टैंकर में खाली करवा जा रहा है।

