रोहिणी के निजी स्कूल में हथियार के साथ पहुंचा 11वीं का छात्र, मचा हड़कंप
![]()
राजीव कुमार गौड़/दिल्ली ब्यूरो। राजधानी दिल्ली के रोहिणी इलाके में स्थित एक नामी निजी स्कूल में उस समय हड़कंप मच गया, जब 11वीं कक्षा का एक छात्र कथित तौर पर देसी पिस्तौल और जिंदा कारतूस के साथ स्कूल परिसर में पहुंच गया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छात्र को हथियारों के साथ हिरासत में ले लिया। घटना 19 जनवरी की बताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 19 जनवरी को अमन विहार थाना क्षेत्र में पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी, जिसमें बताया गया कि एक छात्र स्कूल के भीतर हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तुरंत स्कूल पहुंची। वहां स्कूल प्रशासन ने 18 वर्षीय छात्र राज कुमार को पुलिस के हवाले किया। तलाशी के दौरान छात्र के पास से एक देसी पिस्तौल और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्र को स्कूल में कथित रूप से लंबे समय से मानसिक उत्पीड़न और बुलीइंग का सामना करना पड़ रहा था। इसी के चलते वह निजी दुश्मनी और डर के कारण हथियार लेकर स्कूल आया था। हालांकि पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि छात्र का हथियार लाने का उद्देश्य क्या था और उसने हथियार कहां से हासिल किया।
घटना के बाद स्कूल परिसर में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि, समय रहते स्कूल प्रशासन और पुलिस की सतर्कता के चलते किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई। पुलिस ने स्कूल के शिक्षकों, स्टाफ और कुछ छात्रों से पूछताछ कर आवश्यक बयान दर्ज किए हैं।
पुलिस ने छात्र के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद छात्र को रोहिणी कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। पुलिस इस दौरान छात्र से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हथियार की आपूर्ति किसने की और इसके पीछे कोई अन्य व्यक्ति या गिरोह तो शामिल नहीं है।
इस घटना ने स्कूलों में छात्रों की मानसिक स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि स्कूलों में काउंसलिंग व्यवस्था को मजबूत करने और छात्रों के बीच बढ़ते तनाव को समय रहते पहचानने की आवश्यकता है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।




