पैसा कमाने के लिए ठग ने बना दिया फर्जी बैंक, लोगों को लगाया करोड़ों रुपये का चूना, हुआ गिरफ्तार

सोनीपत/हरियाणा। सोनीपत जिले के गोहाना में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पीएनएल नाम से फर्जी बैंक बनाकर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी की गई। पुलिस ने इस मामले में बैंक संचालक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके कई साथी अभी फरार हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पवन सैनी, निवासी गोहाना के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पवन सैनी ने अपने पांच से छह साथियों के साथ मिलकर पीएनएल बैंक के नाम से एक फर्जी संस्था बनाई और लोगों को एफडी (फिक्स्ड डिपॉजिट) में ऊंचा ब्याज देने का लालच देकर ठगा। आरोपी और उसके सहयोगियों ने इलाके में विश्वास कायम करने के लिए बाकायदा बैंक जैसा सेटअप तैयार किया था। इन ठगों ने नकली बोर्ड, काउंटर और कर्मचारियों की व्यवस्था भी की गई थी।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया है कि उन्होंने लोगों को उच्च ब्याज दरों का लालच देकर बैंक में खाते खुलवाए और उनसे लाखों रुपये जमा कराए। अब तक लगभग 15 से 20 पीड़ितों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिनसे करोड़ों रुपये की ठगी की पुष्टि हुई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि यह आंकड़ा और भी बढ़ सकता है, क्योंकि कई लोग अब तक सामने नहीं आए हैं। गोहाना पुलिस ने बताया कि इस मामले में और भी लोगों की संलिप्तता की संभावना है। पुलिस टीम फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। वही स्थानीय लोगों का कहना है कि यह फर्जी बैंक इलाके में लंबे समय से सक्रिय था और लोगों को भरोसा दिलाने के लिए कई बार एफडी प्रमाणपत्र और ब्याज की रसीदें भी दी जाती थीं।
एसीपी राहुल देव ने बताया कि गोहाना में पीएनएल नामक फर्जी बैंक के संचालक को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी लोगों से पैसे लेकर अपनी निजी जरूरतें पूरी करता था। पुलिस का मानना है कि यह एक सुनियोजित आर्थिक अपराध है, जिसके पीछे पूरा गिरोह सक्रिय था। उन्होंने बताया कि अब तक लगभग 15 से 20 शिकायतें दर्ज हुई हैं और करोड़ों रुपये की ठगी की पुष्टि हुई है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा ताकि अन्य आरोपियों की जानकारी मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button