दिल्ली पुलिस में बड़ा फेरबदल, सीपी सतीश गोलचा ने तीन सीनियर अधिकारियों का किया ट्रांसफर

नई दिल्ली। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस में अब एक ही विशेष आयुक्त होंगे। पहले, 2021 में तत्कालीन पुलिस आयुक्त राकेश अस्थाना ने ट्रैफिक पुलिस को दो जोन में बांटकर दो विशेष आयुक्त नियुक्त किए थे। वर्तमान पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा ने इस व्यवस्था को खत्म कर दोनों पदों को समाप्त कर दिया है।
वर्तमान में ट्रैफिक पुलिस के दो विशेष आयुक्त अजय कुमार चौधरी और के. जगदीशन थे, जिनका तबादला कर दिया गया है। विशेष आयुक्त नीरज ठाकुर को अब दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का पूरा कार्यभार सौंपा गया है।
इसी तरह, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल का अतिरिक्त कार्यभार देख रहे राजेश खुराना का भी तबादला हो गया है। उनकी जगह अनिल शुक्ला को स्पेशल सेल का नया प्रमुख नियुक्त किया गया है।




