बिना केवाईसी खोला खाता, फिर वही अकाउंट साइबर ठगों को बेचा, पीएनबी के डिप्टी मैनेजर सहित दो गिरफ्तार

Opened an account without KYC, then sold the same account to cyber thugs, two arrested including PNB deputy manager

गुरुग्राम। साइबर ठगी के मामले में गुरुग्राम साइबर पुलिस ने एक और बैंक कर्मचारी समेत दो लोगों को शुक्रवार रात गिरफ्तार कर लिया। यह आरोपित उत्तर प्रदेश के कायमगंज की पंजाब नेशनल बैंक शाखा में डिप्टी मैनेजर है। उसे पूछताछ के लिए कायमगंज से गुरुग्राम लाया गया। इसके बाद इसे गिरफ्तार कर लिया गया। साइबर ठगी के अलग-अलग मामलों में अब तक कुल 20 बैंक कर्मचारियों को पकड़ा जा चुका है। एसीपी साइबर क्राइम प्रियांशु दीवान ने बताया कि 19 जून को एक व्यक्ति ने साइबर थाना ईस्ट में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया था कि आरोपितों ने शेयर बाजार में निवेश के नाम पर उनसे एक करोड़ 20 लाख रुपये की ठगी कर ली। केस दर्ज होने के बाद साइबर ईस्ट थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नवीन कुमार की टीम ने जांच करते हुए शुक्रवार रात एक बैंक कर्मचारी समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान उत्तर प्रदेश के एटा के गोविंदा दास मोहल्ला निवासी रोहित शर्मा और फरुखाबाद के कायमगंज निवासी विश्वास कुमार के रूप में की गई। पुलिस पूछताछ में पता चला कि विश्वास कुमार पंजाब नेशनल बैंक कायमगंज शाखा में डिप्टी मैनेजर के पद पर काम करता है। साइबर ठगी में इस्तेमाल किया गया बैंक खाता रोहित शर्मा का था। रोहित ने छह महीने पहले नोएडा के सदरपुर के फर्जी पते पर फर्म के नाम पर खाता खुलवाया था। विश्वास ने टारगेट पूरा करने के लिए बिना मौके पर जाए ही केवाईसी कर दी और खाता खोल दिया। रोहित ने एक लाख रुपये लेकर एक अन्य आरोपित के माध्यम से साइबर ठगों को यह बैंक खाता बेच दिया।
साइबर पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि ठगी की एक करोड़ 20 लाख रुपये की राशि सात अलग-अलग बैंक खातों में गई थी। इससे पहले इस केस में छह आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। रोहित के खाते में ठगी की राशि में से 44 लाख रुपये गए थे। इस खाते में छह महीने में सात करोड़ 19 लाख रुपये का लेनदेन हुआ। साइबर पुलिस ने बताया कि विश्वास दस साल से पीएनबी की अलग-अलग ब्रांचों में तैनात था। यह डेढ़ साल पहले ही कायमगंज की शाखा में तैनात हुआ था।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button