दिल्ली में तेज रफ्तार डीटीसी बस ने कई वाहनों को मारी टक्कर, कई घायल

दिल्ली ब्यूरो। दिल्ली के शाहदरा जिला के फर्श बाजार इलाके में मंगलवार दोपहर डीटीसी की देवी बस ने स्कूल वैन समेत तीन वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद भी चालक ने बस नहीं रोकी। वह वाहनों को करीब 30 मीटर दूर तक घसीटता हुआ ले गया। दुर्घटना में स्कूल वैन सवार मासूम, एक बाइक पर सवार दो लोग व ई-रिक्शा चालक जख्मी हो गया। घायलों को आनन-फानन में नजदीकी हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मासूम व दोनों बाइक सवारों को छुट्टी दे दी गई। वहीं ई-रिक्शा चालक दिनेश का इलाज जारी है। पुलिस ने बस कब्जे में लेकर चालक सतीश को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच के बाद पता चला है कि चालक बस से नियंत्रण खो बैठा था।
शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त प्रशांत गौतम ने बताया कि मंगलवार दोपहर काली माता मंदिर, विश्वास नगर के पास एक हादसे की सूचना मिली। यहां हरे-पीले रंग की देवी बस ने अचानक आगे जा रही बाइक, ई-रिक्शा व मारुति वैन को टक्कर मार दी। चालक सभी वाहनों को घसीटते हुए काफी दूर तक ले गया। स्कूल वैन में सर्वोदय बाल विद्यालय, सूरजमल विहार के छात्र मौजूद थे। वैन को दिनेश नामक चालक चला रहा था। टक्कर लगते ही वैन एक ओर खिसक गई। वहीं बस चालक ई-रिक्शा व बाइक को काफी दूर तक घसीटते ले गए। हादसे में बाइक सवार सतीश व महेश जख्मी हो गए। वहीं ई-रिक्शा चालक दिनेश भी जख्मी हो गया।
बस रुकते ही लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। गुस्साए कुछ लोगों ने बस का सामने वाला शीशा तोड़ दिया। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। हादसे में स्कूल वैन में सवार आठ साल के मासूम का एक दांत टूट गया। गनीमत यह रही कि बाकी छात्र सुरक्षित रहे। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
बाद में बस को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया। हादसे का सीसीटीवी फुटेज वायरल हो गया। उसको कब्जे में लेकर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। बस चालक सतीश से पूछताछ कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस बाकी घायलों का बयान लेकर मामले की जांच कर रही है।




