नोएडा में फर्जी पुलिस और आईबी कार्यालय का भंडाफोड़

पश्चिम बंगाल के 6 आरोपी गिरफ्तार, नकली दस्तावेज बरामद

नोएडा/उत्तर प्रदेश। नोएडा में नोएडा कमिश्नरेट पुलिस ने सेंट्रल जोन के थाना फेस-3 क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी पुलिस और इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) कार्यालय का पर्दाफाश किया है। यह फर्जी कार्यालय “इंटरनेशनल पुलिस एंड क्राइम इंवेस्टिगेशन ब्यूरो” के नाम से संचालित हो रहा था। पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में फर्जी दस्तावेज, पहचान पत्र, पासबुक, और चेकबुक बरामद किए हैं। सभी आरोपी पश्चिम बंगाल के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी फर्जी इंटेलिजेंस और IB कार्यालय बनाकर लोगों से वेरिफिकेशन के नाम पर संपर्क करते थे। वे सरकारी एजेंसियों के नाम और प्रतीकों का दुरुपयोग कर लोगों को डरा-धमकाकर पैसे ऐंठते थे। हाल ही में, इन ठगों ने सेक्टर-70 के बीएस ब्लॉक में फर्जी दफ्तर खोला था, जहां वे इंटेलिजेंस ब्यूरो और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के नाम पर लोगों को भ्रमित कर रहे थे। नोएडा पुलिस ने इस जाल के फैलने से पहले ही त्वरित कार्रवाई कर इसका भंडाफोड़ कर दिया।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज, स्टांप, लेटरहेड, और सरकारी प्रतीकों की नकली प्रतियां बनाकर लोगों को अपने जाल में फंसाने की कोशिश की। वे पुलिस जैसा रंग और लोगो इस्तेमाल कर आम जनता को प्रभावित करते थे और खुद को अंतरराष्ट्रीय जांच एजेंसी का हिस्सा बताते थे।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान बिभाष चन्द्र अधिकारी, अराग्य अधिकारी, बाबुल चन्द्र मंडल, पिन्टूपाल, समापदमल, और अशीष कुमार के रूप में हुई है। बिभास बीए और अराग्य बीए, एलएलबी हैं, जबकि अन्य आरोपी 12वीं पास हैं।
मौके से पुलिस ने फर्जी आईडी कार्ड्स, नकली स्टांप, लेटरहेड, और कई सरकारी प्रतीकों की कॉपियां बरामद की हैं। गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के नेटवर्क और वित्तीय लेनदेन की गहन जांच शुरू कर दी है। डीसीपी अवस्थी ने बताया कि यह मामला गाजियाबाद में हाल ही में उजागर हुए फर्जी दूतावास रैकेट से मिलता-जुलता है।
नोएडा पुलिस ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में लिया है और आगे की जांच में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि इस तरह के फर्जीवाड़े को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button