भजनपुरा थाना पुलिस ने शातिर वाहन चोर दबोचा, सात चोरी के दोपहिया वाहन बरामद

उत्तर पूर्वी दिल्ली। भजनपुरा थाना पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर ऑटो लिफ्टर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जुबेर मोहम्मद (23) के रूप में हुई है, जिसके कब्जे से सात चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने इस कार्रवाई के जरिए कुल 13 मोटर वाहन चोरी के मामलों का खुलासा किया है।
पुलिस के अनुसार, 20 जून 2026 को गश्त के दौरान गामरी रोड स्थित एसबीआई बैंक के पास पुलिस टीम ने एक संदिग्ध युवक को टीवीएस रेडर मोटरसाइकिल पर सवार देखा। पुलिस को देखकर वह भागने लगा, लेकिन पीछा कर उसे दबोच लिया गया। जांच में बाइक चोरी की निकली, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने कई वाहन चोरी की वारदातों में शामिल होने की बात कबूल की। उसकी निशानदेही पर छह अन्य चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए गए, जिससे कुल बरामदगी सात वाहनों तक पहुंच गई। बरामद वाहनों का संबंध लक्ष्मी नगर, विवेक विहार, जाफराबाद, वजीराबाद, करोल बाग और सीलमपुर थानों में दर्ज मामलों से पाया गया है।
आगे की जांच में आरोपी की भजनपुरा थाने के छह अन्य वाहन चोरी के मामलों में भी संलिप्तता सामने आई है। इस तरह कुल 13 मामलों का खुलासा हुआ है। आरोपी ने बताया कि वह चोरी किए गए वाहनों का इस्तेमाल व्यक्तिगत उपयोग के लिए करता था और बाद में उन्हें पहचान से बचने के लिए छोड़ देता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी भगीरथी विहार, गोकुलपुरी का निवासी है और उसके खिलाफ पहले से ही लूट, झपटमारी, चोरी और आर्म्स एक्ट के 25 से अधिक मामले दर्ज हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button