हमीरपुर में गोलीकांड का आरोपी गिरफ्तार, 25 हजार का इनामी था बदमाश, अवैध असलहा बरामद

हमीरपुर/उत्तर प्रदेश। हमीरपुर जिले में पुलिस ने एक फरार अपराधी को गिरफ्तार कर जेल की सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। इस अपराधी पर सुमेरपुर थाना क्षेत्र के टेढ़ा गांव में एक युवक को गोली मारने का आरोप था। हमलावर की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। आरोपी की गिरफ्तारी से पीड़ित परिवार ने राहत की सांस ली है।
घटना बीती 3 जुलाई को सुमेरपुर थाना क्षेत्र के टेढ़ा गांव में हुई थी। बांदा जिले के कटरा मोहाल निवासी आनंद सिंह पुत्र अमर पाल ने महोबा जिले के कबरई थाना क्षेत्र के गुगौरा गांव के रहने वाले अनुरुद्ध सिंह को अवैध असलहे से गोली मार दी थी। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल अनुरुद्ध सिंह को कानपुर के हैलट अस्पताल में रेफर किया गया था। इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया था।घायल अनुरुद्ध सिंह, रज्जन सिंह पुत्र गुमान सिंह का नाती है, जो अपनी रिश्तेदारी में टेढ़ा गांव आया था। किसी विवाद के चलते आनंद सिंह ने उसे गोली मार दी थी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। रज्जन सिंह ने सुमेरपुर थाने में आनंद सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की थी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. दीक्षा शर्मा ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। सुमेरपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ने बताया कि पुलिस की टीमें लगातार आरोपी की तलाश में थीं। आखिरकार, सब-इंस्पेक्टर भानु प्रताप के नेतृत्व में पुलिस ने आनंद सिंह को टेढ़ा गांव के पास बरगदिया मोड़ से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आनंद सिंह के कब्जे से एक अवैध असलहा (332 बोर) और कारतूस बरामद किया है। पूछताछ के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है। सुमेरपुर थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस की सक्रियता और सूचना के आधार पर यह गिरफ्तारी संभव हो सकी।
हमलावर आनंद सिंह की गिरफ्तारी से पीड़ित परिवार ने राहत की सांस ली है। गांव में इस घटना के बाद दहशत का माहौल था, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button