पानी से लबालब भरा तालाब एक ही दिन में सूखा, ग्रामीण पहुंचे तो देखा हैरान करने वाला नजारा
The pond full of water dried up in a single day, when the villagers reached there they saw a shocking sight

बिलासपुर/छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी बारिश का दौर जारी है। भारी बारिश के कारण बिलासपुर जिले के कोटा ब्लॉक बाढ़ के हालात बन गए थे। पिछले दिनों हुई लगातार बारिश के बाद यहां के नदी, तालाब सभी लबालब भर गए थे। लेकिन इसी दौरान यहां के बरद्वार गांव में एक अजीब सी घटना घटी। गांव का लबालब भरे तालाब का पानी अचानक कम होने लगा। जब ग्रामीणों ने तालाब से पानी कम होने की बात सुनी तो देखने पहुंचे इस दौरान सभी हैरान रह गए। तालाब का पानी एक गड्ढे के अंदर जा रहा था। लोग इसे कुदरती चमत्कार मान रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि तालाब पचरी तक भरा हुआ था लेकिन अचानक एक ही दिन में तालाब का पानी सूखकर सुरंग में समा गया। तालाब का पानी तेजी से सुरंग में समा रहा है और पूरा तालाब खाली हो गया है। कुछ लोग इसे प्राकृतिक चमत्कार मानकर डरे हुए हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, 16 जुलाई की सुबह तालाब ऊपर तक भरा था, लेकिन दोपहर तक खाली हो गया, तालाब किनारे एक सुरंग बना जिसमें पानी तेजी से अंदर जा रहा था। ग्रामीण ने कहा- दोपहर में देखा कि एक तरफ गड्ढा बन गया और देखते ही देखते सारा पानी उसमें समा रहा है। कुछ लोगों ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में पहली बार ऐसी घटना देखी है। तालाब का पानी खत्म होने से लोग खेती और पीने के पानी को लेकर चिंचित है।
गांव के लोगों ने बताया कि घटना की जानकारी ग्राम पंचायत और तहसील प्रशासन को दी है। सरपंच ने भूगर्भ वैज्ञानिकों की टीम भेजने की मांग की लेकिन प्रशासन की तरफ से कोई मदद नहीं मिली है। किसान परेशान हैं कि अगर अब बारिश नहीं हुई तो खेती कैसे होगी क्योंकि तालाब तो सूख गया है। वहीं, कुछ लोगों का कहना है कि अगर फिर से तालाब भरने के बाद पानी इस गड्ढे में समा गया तो हम लोगों के लिए बहुत मुश्किलें होंगी।
स्थानीयों का कहना है हमारे गांव में यह तालाब कब बना है इसके बारे में किसी को जानकारी नहीं है। तालाब में हमेशा पानी रहता था तालाब के ही पानी से खेती का काम होता था। पहली बार इस तरह की घटना हुई है।




