सुहागरात की रात दूध पिलाकर दूल्हे को सुलाया, जेवर-नकदी समेटकर दुल्हन फरार

अमरोहा में शादी के नाम पर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हसनपुर के गंगाचोली गांव में नई नवेली दुल्हन शादी की पहली रात ही दूल्हे को नशीला दूध पिलाकर बेहोश कर घर में रखे लाखों के जेवर और नकदी लेकर दो बच्चों संग फरार हो गई।

अमरोहा,उत्तर प्रदेश। हसनपुर क्षेत्र के गंगाचोली गांव में शादी के नाम पर कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि शादी की पहली रात दुल्हन ने दूल्हे को दूध में नशीली गोलियां मिलाकर पिला दीं। उसके बेहोश होने के बाद वह अपने दोनों बच्चों के साथ घर से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गई। सुबह दूल्हे की आंख खुली तो घर से दुल्हन और कीमती सामान गायब मिला। पीड़ित ने शादी कराने वाले बिचौलिए पर भी साजिश में शामिल होने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है।
हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गंगाचोली गांव निवासी दिनेश कुमार के मुताबिक, उन्होंने 19 अक्टूबर को पड़ोसी गांव की एक महिला से विवाह किया था। महिला के पहले से दो बच्चे हैं। दिनेश का आरोप है कि रिश्ता तय कराने वाले बिचौलिए ने महिला के पहले पति की मौत होने की बात कही थी। इसी जानकारी पर भरोसा करके उन्होंने शादी के लिए सहमति दी और विवाह समारोह भी धूमधाम से संपन्न कराया।
पीड़ित के अनुसार, शादी की पहली रात दूध पीने के बाद वह गहरी नींद में सो गया। उसका आरोप है कि दूध में नशीली गोलियां मिलाई गई थीं। सुबह उठने पर दुल्हन अपने दोनों बच्चों के साथ गायब थी। घर की तलाशी लेने पर करीब पांच लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और दस हजार रुपये की नकदी भी नहीं मिली।
दिनेश का कहना है कि दुल्हन की तलाश में उसके मायके पहुंचने पर पता चला कि उसका पहला पति जीवित है। इसके बाद पीड़ित ने बिचौलिए पर गलत जानकारी देकर शादी कराने और कथित वारदात में मिलीभगत का आरोप लगाया। उसने पुलिस से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button