वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी डॉक्टर सागर प्रीत हुड्डा को बनाया गया चंडीगढ़ का नया डीजीपी

गृह मंत्रालय ने आदेश जारी कर उन्हें दिल्ली से चंडीगढ़ भेजा

चंडीगढ़/एजेंसी। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी डॉ. सागर प्रीत हुड्डा को चंडीगढ़ का नया पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नियुक्त किया गया है। भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने बुधवार को आदेश जारी करते हुए उन्हें दिल्ली से चंडीगढ़ स्थानांतरित किया है। एजीएमयूटी कैडर के 1997 बैच के अधिकारी डॉ. हुड्डा की तैनाती तत्काल प्रभाव से लागू मानी जाएगी। वर्तमान में चंडीगढ़ डीजीपी का कार्यभार आईपीएस पुष्पेंद्र कुमार संभाल रहे थे, जिन्हें अंतरिम रूप से यह जिम्मेदारी दी गई थी। अब डॉ. सागर प्रीत हुड्डा के औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण करने के बाद वह इस जिम्मेदारी से मुक्त होंगे।
डॉ. सागर प्रीत हुड्डा ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा 1997 में सफलता प्राप्त की थी और उन्हें आईपीएस के रूप में चुना गया। 23 अगस्त 1997 को उन्होंने अपनी सेवा की शुरुआत की थी। उन्हें एजीएमयूटी कैडर के तहत अरुणाचल प्रदेश, गोवा, मिजोरम और केंद्रशासित प्रदेशों में तैनाती मिली। हुड्डा का चंडीगढ़ से पुराना नाता भी रहा है, क्योंकि वह पहले भी चंडीगढ़ पुलिस में सेवाएं दे चुके हैं। उनके पास लंबा प्रशासनिक अनुभव है और उन्होंने दिल्ली पुलिस में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं।
हु्ड्डा 1 जनवरी 2024 तक स्पेशल कमिश्नर ऑफ पुलिस (ऑपरेशंस) के पद पर तैनात थे, जहां उन्होंने पीसीआर (पब्लिक कॉल रिस्पॉन्स) और कम्युनिकेशन डिवीजन की कमान संभाली। इसके बाद उन्हें दिल्ली पुलिस में ही स्पेशल कमिश्नर ऑफ पुलिस (इंटेलिजेंस) बनाया गया। इस पद पर रहते हुए वे इंटेलिजेंस ऑपरेशंस, मीडिया सेल,महिला और बच्चों के लिए विशेष यूनिट (एसपीयूएनईआर)और नॉर्थ ईस्टर्न रीजन यूनिट (स्पूनर) का संचालन कर रहे थे।
डॉ. हुड्डा को चंडीगढ़ पुलिस की कमान ऐसे समय में सौंपी गई है जब शहर की सुरक्षा, कानून व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर लगातार नई चुनौतियां सामने आ रही हैं। उनके अनुभव से चंडीगढ़ में पुलिसिंग को नई दिशा मिलने की उम्मीद की जा रही है। गृह मंत्रालय के इस फैसले को प्रशासनिक मजबूती और सुरक्षा सुधारों की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button