प्रयागराज में अतिक्रमण पर बुलडोजर एक्शन, नाराज वकीलों ने किया चक्का जाम, विरोध प्रदर्शन

Bulldozer action on encroachment in Prayagraj, angry lawyers blocked the road and protested

प्रयागराज/उत्तर प्रदेश। यूपी के प्रयागराज में कलेक्ट्रेट और कचहरी परिसर के बाहर बुधवार को नगर निगम और प्रशासन की संयुक्त टीम ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। सुबह 4 बजे शुरू हुए इस अभियान में बुलडोजर से कई चैंबर, टिनशेड और फर्नीचर ध्वस्त कर दिए गए। इस कार्रवाई की जद में कई अधिवक्ताओं (वकीलों) के चैंबर भी आ गए, जिससे आक्रोशित वकीलों ने कचहरी के सामने चक्का जाम कर दिया और न्यायिक कार्यों से खुद को अलग कर लिया।
वकीलों का कहना है कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए उनके चैंबर हटाए जाना अन्यायपूर्ण है। प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने अचानक कार्रवाई करते हुए न सिर्फ चैंबर तोड़े बल्कि जरूरी दस्तावेज भी बिखेर दिए, जिससे कानूनी कामकाज में बाधा आई है। टिनशेड, कुर्सियां और फर्नीचर को सड़क पर रखकर अधिवक्ताओं ने विरोध जताया और सैकड़ों की संख्या में सड़क पर उतर आए।
वकीलों के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए। रैपिड ऐक्शन फोर्स और यूपी पुलिस की कई यूनिट्स मौके पर तैनात की गईं। लक्ष्मी टाकीज चौराहे से कलेक्ट्रेट तक रास्तों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है। बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे।
अतिक्रमण हटाओ अभियान के अंतिम चरण में माहौल कुछ तनावपूर्ण हो गया। कुछ अज्ञात लोगों की ओर से पथराव भी किया गया, जिसमें तीन वाहनों के शीशे टूटने की सूचना मिली है। हालांकि, पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए अब तक किसी बड़े उपद्रव की सूचना नहीं दी है।
बुलडोजर कार्रवाई से नाराज वकीलों ने विरोध प्रदर्शन के साथ-साथ रणनीति बनाने के लिए बैठक बुलाई है। उनका स्पष्ट कहना है कि जब तक प्रशासन वैकल्पिक व्यवस्था नहीं करता, तब तक किसी भी वकील का चैंबर नहीं हटाया जाना चाहिए। प्रशासनिक अधिकारियों के वकीलों के संपर्क में होने की बात कही गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button