एक बंदर पकड़ने पर 1650 रुपये, प्रयागराज में नई मुहिम, आतंक से मुक्ति के लिए बनाई गई ये योजना

1650 rupees for catching a monkey, new campaign in Prayagraj, this plan was made to get rid of terror

प्रयागराज/उत्तर प्रदेश। प्रयागराज में बंदरों के आतंक से निपटने की विशेष योजना तैयार की गई है। शहरी इलाके में नगर निगम की टीम अब बंदरों को पकड़ेगी। बंदरों के पकड़ने का जिम्मा पहले वन विभाग के पास था। इसके बाद भी शहर में बंदरों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। इससे संबंधित शिकायतें नगर निगम के पास पहुंच रही हैं। इसको देखते हुए नगर निगम ने बंदरों को पकड़ने के लिए एजेंसी की तैनाती का निर्णय लिया है। सबसे खास तो यह है कि एक बंदर को पकड़ने के लिए नगर निगम की ओर से एजेंसी को 1650 रुपये का भुगतान कियार जाएगा। हालांकि, इस राशि में इजाफा की बात भी कही जा रही है।
प्रयागराज शहर के कई मुहल्लों में बंदरों का आतंक बढ़ा हुआ है। बंदर लोगों की छतों और गैलरी में रखी चीजों को लेकर भाग जाते हैं। उन्हें खराब कर देते हैं। सबसे अधिक बंदर गोविंदपुर, जोंधवल, मेंहदौरी, दारागंज, कर्नलगंज, टैगोरटाउन, प्रयाग स्टेशन, प्रयागराज संगम स्टेशन, फाफामऊ स्टेशन, झूंसी, अरैल आदि इलाकों में हैं। यहां के लोगों के लिए ये परेशानी की वजह बने हुए हैं।
प्रयागराज नगर निगम बंदरों को पकड़ने के लिए विशेषज्ञ एजेंसी की सहायता लेने की तैयारी में है। इन एजेंसी की तैनाती के लिए नगर निगम के पशुधन विभाग की ओर से पहली बार टेंडर निकाला गया है। टेंडर में नगर निगम की ओर से एक बंदर पकड़ने का बेस भुगतान 1650 रुपये रखा गया है। एजेंसी की मांग पर इस राशि में बढ़ोत्तरी की जा सकती है।
इससे पहले नगर निगम एक बंदर पकड़ने के लिए 1450 रुपये का भुगतान करता था। बंदरों को पकड़ने के लिए निकाली गई निविदा पर नगर निगम के पशुधन अधिकारी डॉ. विजय अमृतराज ने बताया कि बंदर वन्य जीव है। अभी तक वन विभाग की ओर से ही बंदरों को पकड़ने की कार्रवाई होती थी। संसाधन की कमी के कारण वन विभाग शहरी क्षेत्र में बंदरों को नहीं पकड़ पा रहा था।
नगर निगम को लगातार लोगों की शिकायतें मिल रही थी। लोगों की बढ़ती शिकायतों को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने बंदरों को पकड़ने का निर्णय लिया। नगर निगम बोर्ड की ओर से संकल्प पारित कराया गया। वन विभाग ने भी प्रदेश में सभी नगर निकायों को बंदर पकड़ने की अनुमति दे दी है। 1650 रुपये प्रति बंदर पकड़ने के भुगतान के सवाल पर पशुधन अधिकारी ने बताया कि बंदरों को एक्सपर्ट ही पकड़ सकते हैं। पशुधन अधिकारी ने कहा कि एक्सपर्ट्स के पास बंदरों को पकड़ने के लिए खास उपकरण होते हैं। वन विभाग भी एक्सपर्ट की मदद से बंदरों को पकड़ता था। एजेंसी तय होने के बाद नगर निगम शहरी क्षेत्र में बंदरों को पकड़ने की कार्रवाई को शुरू कर देगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button