हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में पुल टूटा, सीमेंट लदा ट्रक नदी में गिरा, एनएच-305 पर ट्रैफिक बंद
Bridge collapsed in Kullu, Himachal Pradesh, a truck loaded with cement fell into the river, traffic closed on NH-305

- मंगलौर पुल ढहने से ट्रैफिक जाम, पर्यटक फंसे
- सीमेंट लदा ट्रक नदी में गिरा, चालक सुरक्षित
- स्थानीय प्रशासन राहत-बचाव कार्य में जुटा
शिमला/एजेंसी। हिमाचल प्रदेश में मंडी को कुल्लू जिले से जोड़ने वाला मंगलौर पुल शनिवार तड़के ढह गया। इसके बाद नेशनल हाइवे-305 पर ट्रैफिक जाम हो गया। शनिवार सुबह हुए इस हादसे में पुल से गुजर रहा सीमेंट से लदा एक ट्रक नदी में जा गिरा। गनीमत रही कि ट्रक का चालक सुरक्षित बच गया। इस घटना के बाद ओट-बंजार मार्ग पर वाहनों की आवाजाही को फिलहाल बंद कर दिया गया है। इससे पर्यटन सीजन के बीच कई पर्यटक और स्थानीय लोग फंस गए हैं। इस जानकारी के अनुसार, मंगलौर पुल की संरचना पहले से ही कमजोर थी और भारी वाहनों के लगातार आवागमन के कारण यह और जर्जर हो गया था। शनिवार सुबह जब सीमेंट से लदा ट्रक पुल से गुजर रहा था। तभी पुल का एक हिस्सा अचानक धंस गया। इससे ट्रक असंतुलित होकर नदी में जा गिरा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा इतना भयावह था कि आसपास के लोग दहशत में आ गए। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। चालक को मामूली चोटें आई हैं, लेकिन उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुल के टूटने से नेशनल हाइवे-305 पर ट्रैफिक पूरी तरह बंद हो गया। यह मार्ग कुल्लू को बंजार, आनी और निरमंड जैसे क्षेत्रों से जोड़ता है और पर्यटन सीजन में इसकी अहमियत और बढ़ जाती है। वर्तमान में पर्यटकों की भारी भीड़ के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया है। कई पर्यटक वाहन फंस गए हैं। इससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय प्रशासन ने वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था करने की कोशिश शुरू की है, लेकिन फिलहाल कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है।
राहत-बचाव का काम शुरूकुल्लू प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तत्काल कदम उठाए हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है। पुल की मरम्मत और यातायात बहाली के लिए विशेषज्ञों की एक टीम जल्द ही मौके पर पहुंचेगी। वहीं लोगों से अपील की कि वे इस मार्ग पर यात्रा करने से बचें और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।





