प्राचीन रजादेपुर मठ परिसर में पूजा-अर्चना कर गौशाला का किया शुभारंभ
एसडीम सगड़ी नरेंद्र कुमार गंगवार ने किया उद्घाटन

आजमगढ़/ उत्तर प्रदेश। रविवार को गांव कादीपुर स्थित प्राचीन रजादेपुर मठ परिसर में पूजा-अर्चना कर गौशाला का शुभारंभ किया गया। आजमगढ़ जिले की तहसील सगड़ी में स्थित प्राचीन रजादेपुर मठ परिसर में असहाय एवं बेसहारा गौवंश की देख-रेख एवं लालन-पालन हेतु भारती सर्वजन हिताय सेवा फाउंडेशन द्वारा संचालित गौशाला का निर्माण करवाया गया है। शुभारंभ अवसर पर गौमता की पूजा की गई। गौशाला का उद्घाटन रजादेपुर मठ के मठाधीश बाल महंत शिवसागर भारती की उपस्थिति में नरेंद्र कुमार गंगवार (उप जिला मजिस्ट्रेट/ एसडीम) सगड़ी के कर- कमलों द्वारा किया गया।
इस मौके पर उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित करते हुए एसडीम नरेंद्र कुमार गंगवार ने कहा कि गौवंश को संरक्षित करने के लिए सरकार द्वारा प्राथमिकता के आधार पर गौशालाओं का निर्माण कराया जा रहा है। राज्य सरकार द्वारा गौ संरक्षण की दिशा में लगातार सकारात्मक प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन करने के लिए कृत संकल्पित है।
गौशाला के शुभारंभ अवसर पर रजादेपुर मठ के मठाधीश एवं भारती सर्वजन हिताय सेवा फाउंडेशन के संस्थापक बाल महंत शिवसागर भारती ने गौशाला उद्घाटन के दौरान गाय को गुड़ और चारा खिलाया। महंत शिवसागर भारती ने कहा कि गौ माता की रक्षा और सेवा करना हमारा दायित्व और फर्ज है। गौवंश की सेवा करना महान एवं पुनीत कार्य है। गौशाला में बेसहारा घूम रहे गोवंश को आश्रय मिल सकेगा एवं भारती सर्वजन हिताय सेवा फाउंडेशन के द्वारा पर्याप्त भूसा गोग्रास पानी की पूर्ति की जायेगी। महंत शिवसागर भारती ने सामाजिक कार्यो में योगदान देने वाले एसडीम नरेंद्र कुमार गंगवार के कार्यो की सराहना की। इस अवसर पर एसडीएम सगड़ी नरेंद्र कुमार गंगवार, जीयनपुर कोतवाली प्रभारी जितेंद्र बहादुर सिंह के अलावा पंडित निकेश दुबे, पंडित ओंकार तिवारी, बेलास सोनकर, दुर्गविजय मौर्य, प्रभाकर राय, संतोष नायक, राज बहादुर नायक, सोनू गौड़, प्रिंश मिश्रा, प्रधान मुनिराज प्रजापति, राजदेपुर ग्राम प्रधान देवनाथ सहित भारती सर्वजन हिताय सेवा फाउंडेशन के पदाधिकारी एवं ग्रामीण मौजूद थे।




