कटड़ा में बारिश से मिली राहत, मौसम बदला लेकिन वैष्णो देवी यात्रा जारी

कटड़ा में भीषण गर्मी और उमस के बाद हुई बारिश ने वैष्णो देवी के श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को राहत दी है। हालांकि, हेलीकॉप्टर सेवा स्थगित कर दी गई, लेकिन बैटरी कार और रोपवे जैसी अन्य सेवाएं सामान्य रूप से जारी हैं, और यात्रा सुचारु है।

सुदेश कुमार,कटड़ा/जम्मू। माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कटड़ा पहुंच रहे हजारों श्रद्धालुओं को वीरवार दोपहर बाद भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली, जब अचानक मौसम ने करवट लेते हुए रिमझिम बारिश और तेज हवाओं के साथ क्षेत्र को सुहावना बना दिया। मौसम में बदलाव के बावजूद श्रद्धालु परिवार और मित्रों के साथ जयकारे लगाते हुए भवन की ओर बढ़ते रहे।
हालांकि प्रतिकूल मौसम के चलते दोपहर बाद कटड़ा से संचालित हेलीकॉप्टर सेवा को अस्थायी रूप से स्थगित करना पड़ा, लेकिन बैटरी कार, रोपवे, घोड़ा, पिट्ठू और पालकी सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होती रहीं। पिछले कई दिनों से क्षेत्र में जारी भीषण गर्मी और उमस के कारण श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था, ऐसे में मौसम में आए बदलाव से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों दोनों को राहत मिली है।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी वर्षा और तेज हवाएं चलने की संभावना है। तेज हवाओं के कारण कटड़ा और यात्रा मार्ग के कुछ हिस्सों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है तथा कई स्थानों पर बिजली के तारों को नुकसान पहुंचने की सूचनाएं मिली हैं। बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मरम्मत कार्य में जुटे हुए हैं।
इन दिनों माता वैष्णो देवी यात्रा अपने चरम पर है और प्रतिदिन 43 हजार से 50 हजार के बीच श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। इसके चलते भवन परिसर, यात्रा मार्ग और आधार शिविर कटड़ा में भारी भीड़ बनी हुई है। पंजीकरण केंद्रों, सुरक्षा जांच स्थलों और भवन परिसर में श्रद्धालुओं को लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ रहा है, लेकिन उनके उत्साह में कोई कमी नहीं दिख रही है।
बदले मौसम को देखते हुए यात्रा मार्ग पर श्राइन बोर्ड, पुलिस, सीआरपीएफ और आपदा प्रबंधन दल के अधिकारी एवं जवान तैनात हैं। श्रद्धालुओं को लगातार मौसम के प्रति सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी जा रही है। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं तथा यात्रा की लगातार निगरानी कर रही हैं। फिलहाल मौसम में बदलाव के बावजूद यात्रा मार्ग सुचारु हैं और श्रद्धालुओं की आवाजाही सामान्य बनी हुई है।
उल्लेखनीय है कि 10 जून को 43,300 श्रद्धालुओं ने माता वैष्णो देवी के दर्शन किए थे। वीरवार शाम पांच बजे तक 32,000 श्रद्धालु पंजीकरण कराकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे और देर शाम तक श्रद्धालुओं का आगमन जारी रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button