फतेहपुर में विधवा की बेटी का अपहरण, जांच में जुटी पुलिस

Widow's daughter kidnapped in Fatehpur, police investigating

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। फतेहपुर जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक विधवा की नाबालिग बेटी को पड़ोसी युवक अगवाकर अपने साथ ले गया। इस अमानवीय कारनामे की उलाहना पर युवक के माता-पिता ने पीड़िता को गाली गलौज कर भगा दिया। साथ ही कही शिकायत करने पर पीड़िता को गांव में न रहने देने की धमकी भी दी है। पुलिस ने आरोपी और उसके माता-पिता समेत तीन लोगों पर अपहरण के साथ अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जाच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गाजीपुर थाना क्षेत्र के की एक गांव की रहने वाली महिला ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसके पति की मौत हो चुकी है परिवार में उसकी एक बेटी और बेटा हैं। परिवार मेहनत मजदूरी कर गुजर-बसर करता है। बताया जा रहा है कि बीते 24 नवंबर की सुबह महिला और उसका बेटा गांव में ही खेतों में काम करने के लिए गए थे। इस दौरान घर में उसकी नाबालिग बेटी अकेली थी। खेतों से काम करने के बाद दोपहर करीब 12 जब मां बेटे घर लौटे तो बेटी घर से गायब थी।
किशोरी को घर में न देख परिजनों के होश उड़ गए और गांव के साथ रिश्तेदारी के गांवों में बेटी की तलाश शुरू की। इस दौरान पता चला कि पड़ोस में रहने वाला अरुण उर्फ़ नितिन रैदास किशोरी को बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया। इस पर पीड़ित महिला आरोपी के घर पहुंच कर बेटी के बारे में पूछा तो मौजूद आरोपी के माता-पिता ने उत्तेजित होकर हाथ पैर तोड़ने की धमकी देते हुए भगा दिया।
इतना ही नहीं इस दौरान यह भी कहा कि पहले भी तुम्हारी लड़की को मेरा लड़का भगा ले गया था, तब तुम कुछ नहीं कर पाए, अब फिर मेरा लड़का तुम्हारी लड़की को ले गया है जो करना है करो। साथ ही धमकी दी कि कहीं शिकायत की तो गांव में भी नहीं रहने देंगे। पीड़िता ने बेटी के हत्या की आशंका जाहिर करते हुए स्थानीय थाना पुलिस से शिकायत की है। एसएचओ प्रमोद कुमार मौर्य ने बताया कि शिकायती पत्र के आधार पर आरोपी युवक और उसके माता-पिता समेत 3 लोगों पर केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button